राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग अपनी स्थापना दिवस के मौके पर 25 जनवरी को नेशनल वोटर्स डे के रूप में मनाएगा। इस मौके के लिए आयोग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत देश में 2.32 करोड़ लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा गया है। इसके साथ ही देश में मतदाताओं की कुल संख्या 77.78 करोड़ हो गई है।
निर्वाचन आयोग वोटर्स डे के मौके पर चुनाव प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य तथा बुलंदशहर व फिरोजाबाद के दो अफसरों को प्रथम पुरस्कार प्रदान करेगा। आयोग ने मतदाता जागरूकता अभियान के लिए अमर उजाला समूह को विशेष मीडिया अवार्ड से सम्मानित करने की घोषणा की है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के दौरान अमर उजाला ने मतदाताओं को जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाया था।
निर्वाचन आयोग के महानिदेशक अक्षय राउत ने नेशनल वोटर्स डे के विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए मंगलवार को बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की घोषणा तीन साल पहले की गई थी। 25 जनवरी को पूरे देश में 6.5 लाख स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 46,000 शैक्षणिक संस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में उप राष्ट्रपति की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित होगा। नेशनल वोटर्स डे के लिए चलाए गए अभियान के दौरान 2.32 करोड़ नए मतदाताओं में से 93 लाख 18 से 19 वर्ष की उम्र के हैं। राउत ने बताया कि नेशनल वोटर्स डे अभियान से चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ी है।
चुनाव प्रक्रिया को बेहतर बनाने में योगदान देने वाले प्रमुख कर्मचारियों, राज्य तथा मीडिया संस्थानों को भी नेशनल वोटर्स डे पर आयोग ने सम्मानित करने की घोषणा की है। चुनाव के दौरान बेहतरीन काम करने वाले कर्मचारियों में प्रथम पुरस्कार के लिए उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में तैनात उप निर्वाचन अधिकारी कामिनी चौहान रतन तथा फिरोजाबाद के उप निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह को चुना गया है।
दूसरे व तीसरे पुरस्कार के लिए अलग-अलग राज्यों से चार अफसरों के नाम की घोषणा की गई है। तीसरे पुरस्कार की सूची में उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण भारद्वाज का नाम भी शामिल है। बेस्ट स्टेट का अवार्ड उत्तर प्रदेश को मिलेगा, जबकि दूसरा और तीसरा पुरस्कार गुजरात तथा पश्चिम बंगाल को दिया जाएगा।