फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जब जवाहर लाल नेहरू ने कहा, 'बनियागिरी हमको नहीं आई'

विज्ञापन
विज्ञापन
जब मेरी किताब 24, अकबर रोड प्रकाशित हुई थी तो उसके कुछ समय बाद ही एक पत्रकार मित्र ने मुझसे कहा था, "आप एक किताब क्यों नहीं लिखते 'जवाहरलाल नेहरू का स्थापित किया और सोनिया गांधी का जमींदोज कियाः नेशनल हैरल्ड का संक्षिप्त इतिहास"।
विज्ञापन

उसके तीन साल बाद जब नेशनल हैरल्ड को लेकर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के कुछ अन्य दिग्गजों पर केस दर्ज किया गया तो मैंने सोचा कि क्या 1938 में शुरू नेशनल हैरल्ड ने नेहरू-गांधी परिवार को कभी कोई प्रतिष्ठा दिलवाई भी?
आखिर आज के ऑर्गेनाइज़र, पांचजन्य या गणशक्ति की तरह नेशनल हैरल्ड का प्रसार न तो कभी बहुत ज्यादा था और न ही पार्टी से जुड़े लोग इसे उत्सुकता से पढ़ते थे।बहुत सारे ट्रस्टों और ट्रस्टियों की वजह से अखबार का मालिकाना और संपादकीय नियंत्रण हमेशा जटिल रहा। वित्तीय रूप से नेशनल हैरल्ड पहले दिन से ही विफल रहा है।
विज्ञापन

नेहरू का लेख

आजादी से पहले जवाहरलाल नेहरू इसमें बेहद सक्रिय थे तब अखबार तीन साल तक बंद रहा। इसका बहाना तो ब्रितानी सेंसरशिप थी लेकिन कहा जाता है कि असली वजह पैसे की कमी थी।नेहरू ने एक बार लखनऊ में नेशनल हैरल्ड के कर्मचारियों के सामने स्वीकार भी किया था, "हमें बनियागीरी नहीं आई।"
नेहरू का जुड़ाव 1938 में स्थापित इस अखबार से इतना ज्यादा था कि उन्होंने ऐलान कर दिया था, "मैं नेशनल हैरल्ड को बंद नहीं होने दूंगा चाहे मुझे आनंद भवन (इलाहाबाद में मौजूद पारिवारिक घर) को बेचना पड़े"।
नेहरू के जीवनी लेखक बेंजामिन जकारिया ने लिखा है, "कांग्रेस में अंदरूणी खींचतान के कारण उलझनों में घिरे नेहरू ने पत्रकारिता में शरण ली थी। 1936 में उन्होंने अपना अखबार चलाने पर विचार किया। नौ सितंबर, 1938 को नेशनल हैरल्ड का पहला औपचारिक अंक लखनऊ से आया।"

नेहरू ने एडिटोरियल भी लिखे

जकारिया दावा करते हैं कि नेहरू ने अपना नाम इस्तेमाल किए बिना 72 पाठकों के लिए कुछ एडिटोरियल भी लिखे थे जो उन सिद्धातों पर आधारित थे जिन पर वह सार्वजनिक जीवन में बात नहीं कर सकते थे। आजादी के बाद नेशनल हैरल्ड तब तक आराम से चला जब तक फ‌िरोज गांधी इसके महाप्रबंधक थे और इसे नेहरू का समर्थन हासिल था।
कई बार नेहरू ने बतौर प्रधानमंत्री अपने विचार स्पष्ट रूप से कहने के लिए नेशनल हैरल्ड का इस्तेमाल किया।इंदर मल्होत्रा के अनुसार अप्रैल, 1954 में जब अमे‌रिका ने बिकिनी द्वीपसमूह में परमाणु परीक्षण किए तो लखनऊ में मौजूद नेहरू ने किसी भी रिपोर्टर के सामने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और सीधे नेशनल हैरल्ड के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने "अपने नाम से एक तीखा लेख लिखा, जिसका शीर्षक था 'मौत का सौदागर'"।

हैरल्ड राजीव गांधी की हत्या की खबर को ब्रेक नहीं कर पाया

अखबार ने एम चलपति राव के नेतृत्व में उच्च पेशेवर स्तर का काम किया। राव न सिर्फ कमाल के संपादक थे बल्कि प्रेस काउंसिल और पत्रकारों के लिए वेज बोर्ड बनाने में उनकी सक्रिय भूमिका थी। 1983 में जब उनकी मृत्यु हुई तो वह काफी हताश हो चुके थे क्योंकि इंदिरा गांधी के नजदीक माने जाने वाले कई लोगों के साथ उनके झगड़े चल रहे थे।
दिल्ली में तब इस तरह की अफवाहें उड़ती थीं कि कांग्रेस ने संदिग्ध तरीकों से जो पैसा कमाया है उसे अख़बार में झोंका जा रहा है। यह ऐसा आरोप था जो अक्सर लगाया जाता था लेकिन कभी साबित नहीं हो सका।
22 मई, 1991 को नेशनल हैरल्ड राजीव गांधी की हत्या की खबर को ब्रेक नहीं कर पाया क्योंकि एक रात पहले श्रीपेरंबदूर में उनकी हत्या के बाद मायूसी की भावना छा गई थी।

राजीव गांधी की मौत के बाद नेशनल हैरल्ड का पतन

राजीव गांधी की मौत के बाद नेशनल हैरल्ड का पतन बहुत तेजी से हुआ। नेशनल हैरल्ड लखनऊ की नेहरू मंजिल से प्रकाशित होता था। 1998 में नेहरू मंजिल में सरकारी अधिकारियों ने नेशनल हैरल्ड की संपत्तियों को नीलाम कर दिया जबकि वहां लगा नेहरू का एक बड़ा पोट्रेट जैसे घटना को उदासी से देख रहा था।
दिल्ली के ऑफ‌िस में एक मजाक हमेशा चलता था कि अखबार की वास्तविक बिक्री की संख्या अखबार में काम करने वालों की संख्या से भी कम है।एक बार सैम पित्रोदा बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित हैरल्ड हाउस के दफ्तर में, वहां की प्रेस में छप रही चुनाव सामग्री के सिलसिले में गए थे।
वह तेज़ी से जा रहे थे कि उन्होंने किसी से नेशनल हैरल्ड की प्रसार संख्या के बारे में पूछा।एक ज़िम्मेदार आदमी ने तुरंत बोला 90.पित्रोदा,जो ज्‍यादातर ज़िंदगी अमेरिका में बिताने वाले एक टैक्नोक्रेट थे, इस संख्या से जाहिराना तौर पर प्रभावित दिखे, क्योंकि उन्हें लगा कि यह संख्या 90,000 है।
उस समय नेशनल हैरल्ड 5,000 प्रतियां छापता था लेकिन उनमें से ज्यादा 'कॉम्पलीमेंट्री' की मुहर लगा कर इंडियन एयरलाइंस के यात्रियों, आईटीडीसी होटलों में ठहरने वालों, कांग्रेस सांसदों, प्रधानमंत्री कार्यालय, एआईसीसी पदाधिकारियों और अन्य लोगों को भेज दी जाती थीं। वास्तविक बिक्री आश्चर्यजनक रूप से बेहद कम थी।

'जरूरत नहीं रही'

पहले यह लखनऊ में बंद हुआ और एक अप्रैल, 2008 को इसके अंतिम संस्करण में एक घोषणा थी कि इसका 'संचालन अस्थाई रूप से रोक दिया गया है'। 1991 से 2008 की यात्रा दरअसल कष्टप्रद थी। अखबार से जुड़े कई पेशेवर और अच्छे पत्रकारों को पैसा नहीं दिया गया। अंततः 40 करोड़ रुपये में जो समझौता हुआ उससे उम्मीद के विपरीत बहुत कम लोगों को फायदा हुआ।
सिदिन वादुकुट के अनुसार, भले ही नेशनल हैरल्ड मजबूत राजनीतिक इरादों के साथ शुरू हुआ हो लेकिन बहुत सी अन्य नेहरूवादी परियोजनाओं के तरह यह भी अपने उद्देश्य से ज्यादा समय तक बना रहा। उनके मुताबिक अख़बार अपनी ही छवि के मोह का शिकार हो गया, जिसके पास अपनी हालत सुधारने के लिए आर्थिक प्रेरणा का भी अभाव था।

सोनिया को नहीं था यकीन

राजीव गांधी के बाद के समय में पीवी नरसिम्हा राव, सीताराम केसरी और सोनिया गांधी को नेशनल हैरल्ड की, पार्टी के विचारों को अभिव्यक्त करने की, क्षमता में बहुत कम या जरा भी यकीन नहीं था।
90 के दशक से अब तक आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर विचारधारा के अभाव की वजह से अखबार जैसे मंच की जरूरत भी नहीं थी। शायद यही वह मुख्य वजह थी जो 2008 में अखबार के अंतिम रूप से बंद होने (अस्थाई रूप से काम रोके जाने की आड़ में) की वजह बनी।
विज्ञापन

नेशनल हैरल्ड का मुद्दा कांग्रेस का पीछा नहीं छोड़ने वाला

हालांकि कहा जाता है कि 2011 में सोनिया गांधी की बीमारी और राहुल गांधी की अनुभवहीनता की वजह से ट्रस्ट और ट्रस्टियों के कुछ कट्टर सलाहकारों ने इसे पुनर्जीवित करने की बड़ी योजना बनाई।
अखबार से जुड़ी देश भर में फैली कई कथित संपत्तियों और जमीन को खरीदने और बेचने वाले बहुत सारे थे और कई उलझाने वाले मुकदमे थे। यह तो नहीं कहा जा सकता कि नई व्यवस्था पूरी तरह गैरकानूनी थी लेकिन इनसे अनुचित काम की गंध आती थी।
ऐसा लगता है कि नेशनल हैरल्ड का मुद्दा कुछ और वक्त तक नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस का पीछा नहीं छोड़ने वाला। शायद उन्हें अखबार के कारोबार में हाथ डालने के बारे में नेहरू की पुरानी टिप्पणी पर फिर विचार करना चाहिए कि 'हमें बनियागीरी नहीं आई'।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें