नेशनल हेराल्ड मामले में यदि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी बेल बांड पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं और जेल जाने की नौबत आती है तो तिहाड़ में उन्हें रखने की व्यवस्था की गई है। तिहाड़ जेल के एआईजी ने जेल की सुरक्षा और दूसरी व्यवस्थाओं की जांच कर ली है।
सूत्रों के अनुसार यदि जेल जाने की नौबत आती है तो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को जेल संख्या चार के वार्ड संख्या 15 में रखने का इंतजाम किया गया है। इस वार्ड में कैदियों के लिए कोई खास व्यवस्था नहीं होती, लेकिन यहां कैदियों की संख्या कम है।
सूत्रों की मानें तो जेल के एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल मुकेश प्रसाद ने शुक्रवार को जेल संख्या चार का निरीक्षण किया और उस जगह की भी पड़ताल की जहां राहुल गांधी को रखने का इंतजाम किया गया है।
तिहाड़ में अब कैदियों को उनके नाम के पहले अक्षर के अनुसार ही जेल में रखा जाता है। राहुल गांधी का नाम आर से शुरू होता है, लिहाजा उन्हें जेल संख्या चार में रखा जाएगा।