दिल्ली के मुंडका से हरियाणा के बहादुरगढ़ तक मेट्रो चलने का रास्ता साफ हो गया है। रक्षा मंत्री एके एंटनी की अध्यक्षता वाले मंत्रियों के उच्चाधिकार प्राप्त समूह ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।
सरकार की योजना के मुताबिक इस प्रोजेक्ट पर इसी साल काम शुरू हो जाएगा। परियोजना मार्च, 2016 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। मालूम हो कि हरियाणा सरकार पहले ही इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे चुकी है। इस रूट पर करीब एक लाख यात्रियों के मेट्रो सुविधा का लाभ उठाने की उम्मीद है।
मुंडका से बहादुरगढ़ तक मेट्रो रूट की लंबाई 11.182 किलोमीटर होगी। हरियाणा में इसकी लंबाई 4.875 किलोमीटर और दिल्ली में 6.307 किलोमीटर होगी। प्रोजेक्ट पर कुल लागत 1991 करोड़ रुपये आएगी। हरियाणा के हिस्से की लागत 912 करोड़ रुपये है। दिल्ली में पड़ने वाले हिस्से पर 1069 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
हरियाणा सरकार मेट्रो डिपो बनाने के लिए राज्य में पड़ने वाले भाग में 10 हेक्टेयर भूमि भी उपलब्ध कराएगी। साथ ही इस परियोजना के 788 करोड़ रुपये का खर्च भी वहन करेगी।
मेट्रो शुरू होने से बहादुरगढ़ से दिल्ली आने-जाने वालों को लाभ मिलेगा। इस मेट्रो रूट पर सात स्टेशन बनेंगे। इनमें मुंडका औद्योगिक क्षेत्र, घेवरा, टिकरी कलां, टिकरी बार्डर, मॉडल औद्योगिक संपदा, बहादुरगढ़ बस स्टैंड और सिटी पार्क शामिल हैं।