विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को सरकार में शामिल करने की वकालत की है। कृष्णा ने पत्रकारों से कहा कि इस समय देश कई समस्याओं का सामना कर रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए राहुल गांधी को सरकार में शामिल होना चाहिए।
विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को सरकार में शामिल होने के लिए पहले भी आमंत्रित कर चुके हैं। लेकिन राहुल खुद ही मना कर चुके हैं। प्रधानमंत्री आज भी अपनी बात पर अटल हैं और राहुल गांधी जब चाहें सरकार में शामिल हो सकते हैं।
प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने कृष्णा से पूछा 'राहुल गांधी अब 42 साल के हो चुके हैं। साथ ही प्रणब मुखर्जी भी सरकार से बाहर हो चुके हैं तो क्या ऐसे में राहुल गांधी सरकार में शामिल होंगे?' इसके जवाब में कृष्णा ने कहा 'मैं उन लोगों में हूं जो सदैव राहुल गांधी के सरकार में शामिल होने का समर्थन करता आया हूं और करता रहूंगा।'
उन्होंने कहा कि इस समय देश कई समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में राहुल गांधी को सरकार में शामिल होकर इन समस्याओं का हल निकालने में मदद करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने के लिए वित्त मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं एक अन्य वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह भी भ्रष्टाचार का आरोप तय होने पर पद से इस्तीफा दे चुके हैं। दो मंत्रियों की कैबिनेट से विदाई के साथ ही मंत्रिमंडल में फेरबदल होना तय माना जा रहा है