फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरनाथ यात्रा शुरू, 2298 भक्त करेंगे दर्शन

Mon, 25 Jun 2012 12:00 PM IST
जम्मू/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
हर हर महादेव और बम बम भोले के जय घोष के बीच अमरनाथ यात्रा 2012 के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था भगवती नगर स्थित आधार शिविर से पहलगाम और बालटाल के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रविवार को रवाना हुआ। इस जत्थे में 2298 श्रद्धालु शामिल हैं। यह लोग 69 बसों और हल्के वाहनों में सवार होकर यात्रा के मुख्य आधार शिविरों की तरफ रवाना हुए।
विज्ञापन


सोमवार को यात्रा का आधिकारिक तौर पर आगाज होने के साथ बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन होंगे। इसके लिए बालटाल और पहलगाम स्थित नुनवन आधार शिविरों से तड़के श्रद्धालु पवित्र गुफा की तरफ रवाना होंगे। श्रद्धालुओं की डिमांड पर भगवती नगर आधार शिविर में करंट पंजीकरण की भी व्यवस्था की गई है।

भगवती नगर आधार शिविर से जत्थे को पर्यटन मंत्री नवांग रिगजिन जोरा, उद्योग मंत्री सुरजीत सिंह सलाथिया और मुख्यमंत्री के सलाहकार देवेंद्र राणा ने झंडी दिखाकर सुबह सवा पांच बजे रवाना किया। इस जत्थे में 1470 पुरुष, 477 महिलाएं, 110 बच्चे और 241 साधू शामिल हैं।
विज्ञापन


इससे पूर्व यात्रा की सफलता के लिए वैधिक मंत्रोचारण के बीच पूजा अर्चना की गई। इस प्रक्रिया में जंगम भी शामिल हुए। पहले जत्थे की रवानगी के साथ ही बालटाल और पहलगाम रवानगी के मद्देनजर भगवती आधार शिविर, जम्मू से श्रीनगर हाईवे, अनंतनाग से पहलगाम और श्रीनगर से बालटाल हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

यह सुरक्षा व्यवस्था अमरनाथ यात्रा के समापन तक कायम रहेगी। यात्रा की सुरक्षा के लिए जम्मू डिवीजन में सीआरपीएफ की 12 और कश्मीर डिवीजन में 45 कंपनियों को तैनात किया गया है। पर्यटन मंत्री नवांग रिगजिन जोरा ने पहले जत्थे की रवानगी पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए अमरनाथ यात्रा के सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना की।

उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के साथ श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं को बगैर पंजीकरण के यात्रा पर नहीं आने की सलाह दी। जोरा ने कहा कि श्रद्धालुओं की मांग पर करंट पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

श्राइन बोर्ड के सीईओ नवीन चौधरी के मुताबिक अमरनाथ यात्रा के दोनों ट्रैक श्रद्धालुओं की मूवमेंट के लिए तैयार हैं। सोमवार को राज्यपाल एनएन वोहरा भी पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। बालटाल ट्रैक से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी पहले दिन ही बाबा के दर्शन होंगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें