एनडीए के संयोजक शरद यादव यूपीए उम्मीदवार प्रणब मुखर्जी को समर्थन देने पर अड़े हुए हैं, लेकिन इसकी वजह से एनडीए में किसी तरह के बिखराव से उन्होंने इनकार किया है। उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव आम सहमति से कराए जाने की वकालत की है। यादव ने कहा है कि राष्ट्रपति पद के लिए इस समय प्रणब मुखर्जी सबसे अच्छे उम्मीदवार हैं। लिहाजा जद-यू ने उनका समर्थन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति देश का सर्वोच्च पद है। जद-यू इसका चुनाव आम सहमति से कराए जाने के पक्ष में हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रणब को समर्थन देने का मतलब यह नहीं है कि एनडीए में कोई दरार है। इससे पहले भी ऐसा होता रहा है। राष्ट्रपति के पिछले चुनाव में शिवसेना ने प्रतिभा पाटिल का समर्थन किया था। इसी तरह ज्ञानी जैल सिंह के राष्ट्रपति बनने के समय अकाली दल उनके साथ खड़ा था। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राष्ट्रपति चुनाव में बहुत अंतर है। एनडीए मजबूती के साथ लोकसभा चुनाव लड़ेगी, लेकिन राष्ट्रपति के लिए मौजूदा हालात में प्रणब ही सबसे बेहतर नजर आ रहे हैं।