प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के बाद भाजपा अब देशभर में नरेंद्र मोदी की रैलियों का कार्यक्रम बना रही है।
लोकसभा के महासमर के लिए लगभग सौ रैलियों के आयोजन का लक्ष्य तय कर चुकी भाजपा की कोशिश है कि अकेले मोदी रैलियों का अर्द्धशतक बना लें। बुधवार को मोदी का जन्मदिन मनाने के लिए भाजपा के प्रदेश इकाइयों ने कार्यक्रम भी घोषित कर दिए हैं।
मोदी के नाम के ऐलान के बाद भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए वार रूम तैयार करने में जुट गई है। इस बार वार रूम किसी नेता के घर की बजाए पार्टी मुख्यालय में बनेगा।
पार्टी का मानना है कि जब-जब वार रूम पार्टी मुख्यालय में बना है, उसे दिल्ली का तख्त मिला है। यह वार रूम जल्द ही काम करने लगेगा।
उधर, रेवाड़ी की रैली की सफलता से उत्साहित भाजपा मोदी की रैलियों का कार्यक्रम तैयार करने में जुट गई है।
पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वैसे तो मोदी के कार्यक्रम जारी हैं, लेकिन पीएम उम्मीदवार घोषित होने के बाद उनके लिए विधिवत कार्यक्रम बनेंगे। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मोदी जाएंगे।
उत्तर प्रदेश में मोदी दिसंबर से अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे। अभी वह भोपाल व दिल्ली में रैलियों के साथ दक्षिणी राज्यों में भी जनता का मूड भांपेंगे।
भाजपा पर लगातार हमले कर रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी मोदी पटना जाकर अपनी लोकप्रियता का अहसास कराएंगे। उत्तर प्रदेश व बिहार के साथ केरल, तमिलनाडु भी मोदी की प्राथमिकता में हैं।
भाजपा लोकसभा के चुनावी जंग में सौ रैलियां करने का ऐलान कर चुकी है, लेकिन इनमें से लगभग आधी रैलियों का दारोमदार मोदी के कंधों पर रहेगा। वैसे भी सभी राज्यों से मोदी की मांग हो रही है।
भाजपा की कोशिश है कि लगभग 10 संसदीय क्षेत्रों के लिए कम से कम एक बड़ी रैली की जाए। इनमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को भेजा जाएगा, लेकिन जिस तरह से सभाओं में सिर्फ मोदी को सुनने की मांग उठ रही है, उससे भाजपा चिंतित है, क्योंकि ऐसे में बाकी नेताओं को लोग सुनना पसंद नहीं करेंगे।
ऐसे में वे खुद को अपमानित महसूस कर सकते हैं। इसलिए माना जा रहा है कि मोदी की सभाओं में गिने-चुने बड़े नेताओं को ही भेजा जाएगा।