अपने दम पर भाजपा को केंद्र की सत्ता में काबिज करवाने वाले नरेंद्र मोदी आगामी विधानसभा चुनावों में भी पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे। दरअसल कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी को कोई कद्दावर नेता नहीं मिल रहा है, इसी वजह से भाजपा एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी की ही शरण में होगी।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक अगले छह महीने के अंदर जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होंगे, वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही सर्वाधिक मुखर और स्टार प्रचारक होंगे। पार्टी की योजना मोदी के सहारे आम चुनाव का ग्राफ बनाए रखने की है।
पार्टी नेतृत्व ने हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर में किसी को बतौर मुख्यमंत्री उम्मीदवार पेश नहीं करने का फैसला किया है। दिल्ली, जहां कि पार्टी सरकार बनाने या फिर चुनाव मैदान में उतरने के विकल्प पर फैसला करने के मामले में असमंजस है, वहां भी अगर पार्टी चुनाव मैदान में उतरती है तो किसी को भी बतौर भावी मुख्यमंत्री पेश नहीं करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक दरअसल यह निर्णय इन प्रदेशों में कोई एक सर्वमान्य चेहरा न होने और कुछ अन्य तरह की समस्या सामने आने के कारण लिया जा रहा है।