गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री के दावेदार नरेंद्र मोदी एक फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं। नरेंद्र मोदी टीवी चैनलों के माध्यम से लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे यह फिल्म जरूर देखें।
नरेंद्र मोदी इन दिनों हर तरह के विषयों में दिलचस्पी ले रहे हैं। ताजा मामला सिनेमा से जुड़ा है। नरेंद्र मोदी देश के युवाओं से एक फिल्म को देखने की अपील कर रहे हैं।
23 अगस्त को रिलीज हो रही यह फिल्म स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर आधारित है। इस फिल्म में विवेकानंद के जीवन दर्शन के अलावा उनके सिद्घांतों को दिखाया गया है।
इस फिल्म से जुड़े लोगों ने नरेंद्र मोदी के लिए इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखी थी। इस फिल्म को देखने के बाद से ही नरेंद्र मोदी इस फिल्म के लिए तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैँ।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह फिल्म देश के युवाओं को अपनी ताकत पहचानने और उसके लिए संघर्ष करने के लिए प्रेरित करती है। यह फिल्म युवाओं को जज्बा देती हैं कि यदि उनके पास विजन हो तो वे कुछ भी कर सकते हैं।
बॉलीवुड गलियारों में यह भी चर्चा चल रही है कि यह फिल्म रिलीज होते ही गुजरात में टैक्स फ्री हो जाए। संभव है कि नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर भाजपा के कुछ दूसरे मुख्यमंत्री भी अपने-अपने राज्यों में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दें।