नेपाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत को तैयार है। राजधानी काठमांडू में सड़कों के दोनों ओर शनिवार शाम से ही नेपाल और भारत के झंडे लहरा रहा है। सड़कों पर जगह जगह मोदी के स्वागत के लिए आकर्षक द्वार बनाए गए है।
स्वागत द्वार पर मोदी के तस्वीर के साथ ही नेपाल-भारत मैत्री की कामना भी की गई है। जिन सड़कों से मोदी को गुजरना है वह दूर से चमचमाती नजर आ रही हैं।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार रविवार सुबह भारतीय समय के अनुसार 10 बजकर 35 मिनट पर मोदी विशेष विमान से काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। मोदी का विशेष विमान एयरपोर्ट पर उतरने के आधे घंटे बाद तक काठमांडू के ऊपर नो फ्लाइट जोन घोषित रहेगा। यह कदम विशेष सुरक्षा कदमों के तहत उठाया जाएगा।
एयरपोर्ट के अति विशिष्ट कक्ष में नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला मोदी का स्वागत करेंगे। विशिष्ट कक्ष के प्रांगण में ही नेपाली सेना के जवान मोदी के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर पेश करेंगे और 19 तोपों के सलामी देंगे। सलामी के दौरान नेपाल और भारत की राष्ट्रीय धुन बजाई जाएगी। राष्ट्राध्यक्षों को राजकीय भ्रमण में नेपाल में 19 तोपों की सलामी दिए जाने की परंपरा है।
तैनात रहेगा नेपाली डॉक्टरों का दल
नेपाली विदेश मंत्रालय के अनुसार रविवार ही दोनों देशों के प्रधानमंत्री के सिंहदरबार में मिलेंगे और वार्ता करेंगे। इसके बाद ही दोनों देशों के प्रतिनिधि मंडलों के बीच वार्ता होगी जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री स्वयं करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय यानी सिंहदरबार से पीएम मोदी नेपाल की संसद को संबोधित करने जाएंगे। रविवार शाम मोदी के सम्मान में नेपाल के प्रधानमंत्री रात्रि भोज देंगे। भ्रमण के दूसरे दिन सोमवार मोदी सुबह पशुपतिनाथ का दर्शन करेंगे।
सूत्रों के अनुसार सावन के सोमवार को पशुपतिनाथ के दर्शन करने की मोदी की इच्छा थी। सोमवार को ही मोदी राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामबरन यादव के साथ शिष्टाचार भेंट करेंगे। भेंट के बाद राष्ट्रपति रामबरन मोदी के सम्मान में भोज आयोजित करेंगे।
नेपाल सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आकस्मिक उपचार के लिए नेपाली डांक्टरों का दल तैनात किया है। काठमांडू के मनमोहन कार्डियोथोरासिक भास्कुलर एंड ट्रान्सप्लांट सेंटर के डॉ. ओम मूर्ति अनिल के नेतृत्व में 13 विशेषज्ञ डॉक्टरों को मोदी की नेपाल यात्रा के दौरान हर समय तैयार रहने को कहा गया है।
पशुपतिनाथ की विशेष पूजा करेंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी नेपाल यात्रा के दौरान यहां पांचवीं शताब्दी के पशुपतिनाथ मंदिर में आधे घंटे की विशेष पूजा अर्चना करेंगे। मोदी काठमांडू के बाहरी इलाके में बागमती नदी के तट पर स्थित इस मुख्य मंदिर में सोमवार को शिवलिंग का पंचामृत स्नान कराकर पूजा अर्चना करेंगे।
इस दौरान मोदी पशुपतिनाथ मंदिर कोष में 2500 किलो श्रीखंड (चंदन की लकड़ी) का भी हस्तांतरण करेंगे। उन्हें मुख्य पुरोहित गणेश भट्ट प्रसाद देंगे। भट्ट दक्षिण भारत के रहने वाले हैं। मंदिर में सदियों से दक्षिण भारत के ब्राह्मणों में से चार पुरोहित और एक मुख्य पुरोहित रखने की परंपरा है।
मंदिर का प्रबंधन संभालने वाले पशुपति क्षेत्र विकास न्यास के प्रमुख गोविंद टंडन के अनुसार 21 ब्राह्मणों का एक समूह रूद्रि पाठ करेगा जबकि मुख्य पुरोहित प्रार्थना करेंगे। मोदी मुख्य मंदिर के दक्षिण में बासुकी मंदिर में भी प्रार्थना करेंगे। उनके यहां पहुंचने पर मंदिर के समीप के वेदविद्याश्रम के 108 युवा ब्राह्मण विद्यार्थी वैदिक मंत्रोच्चार कर उनका स्वागत करेंगे।
मंदिर की होगी भव्य सजावट
गणमान्य अतिथियों के स्वागत में पारंपरिक नेवारी ड्रम और बांसुरी भी बजाई जाएगी। भारतीय प्रधानमंत्री पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में करीब दो दर्जन देवी-देवताओं की पूजा करेंगे।
इस अवसर पर उन्हें मंदिर प्रशासन मंदिर की प्रतिकृति प्रदान करेगा। यह मंदिर दुनियाभर में शिव के अति महत्वपूर्ण मंदिरों में एक है और उसे यूनेस्को के धरोहर सूची में स्थान प्राप्त है। प्रशासन के अनुसार हिंदू कैलेंडर के मुताबिक सावन में सोमवार पावन समझा जाता है और भारत एवं नेपाल से करीब तीन लाख श्रद्धालु इस मंदिर में पहुंचते हैं।
पिछले सप्ताह विदेश मंत्री सुषमा स्वराज मंदिर में पहुंची थीं। उनकी यात्रा के दौरान मंदिर के संरक्षण के लिए 25 करोड़ रुपये की सहायता पैकेज की घोषणा हुई थी। मोदी के स्वागत में पशुपतिनाथ मंदिर के चारों फाटकों को फूलों से सजाया जाएगा। मंदिर परिसर के भीतर रेड कारपेट भी बिछाया जाएगा।