भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26/11 मुंबई हमले के असली षड्यंत्रकारियों को सजा न दिला पाने के लिए केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
हमले की पांचवीं बरसी पर अहमदाबाद में मोदी ने कहा केंद्र अब तक 26/11 के असली षड्यंत्रकारियों को सजा नहीं दिला सका है। यह बेहद निराशा की बात है।
एक के बाद एक ट्वीट के जरिए मोदी ने कहा कि 26/11 का हमला भारतीय सुरक्षा की चुनौती के लिए एक मनहूस याद बन गया है। लिहाजा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए जिन लोगों ने अपने सगे संबंधियों और करीबियों को इस हमले में खोया है उनका बलिदान बेकार न जाए।
मोदी ने कहा कि अब भारत को ज्यादा मजबूत और सुरक्षित बनाने की दिशा में काम करने का वक्त आ गया है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘मैं 26/11 के कायराना हमले में शहीद हुए लोगों को याद कर रहे देशवासियों के साथ हूं। इस हमले में हमने उन नायकों को खोया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बगैर अपना कर्तव्य निभाया और देश के लिए खुद को न्योछावर कर दिया। मैं उन्हें सलाम करता हूं।’
ज्ञात हो कि पांच साल पहले 26 नवंबर, 2008 को आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा के आतंकवादियों ने मुंबई में एक साथ कई महत्वपूर्ण जगहों पर हमले कर 166 लोगों को मार डाला था। मरने वालों में पुलिसकर्मी, एनएसजी कमांडो और कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
इस हमले में बच गए एक मात्र आतंकवादी अजमल आमिर कसाब को पकड़ लिया गया था। कसाब को पिछले साल 21 नवंबर को पुणे की यरवदा जेल में फांसी पर लटका दिया गया था।
गौरतलब है कि भारत मुंबई हमले के षड्यंत्रकारियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने की मांग करता रहा है। पाकिस्तान पर इस बात का दबाव डाला जाता रहा है कि वह 26/11 के हमलावरों के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई जल्द खत्म करे।