गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में नामचीन उद्योगपतियों, रिटायर्ड नौकरशाहों, फिल्मी दुनिया के पेशेवरों और राजनीतिक नेताओं से मुलाकात कर जता दिया कि उनकी नजर शहरी मध्यवर्ग के मतदाताओं पर है।
बीजेपी चुनाव अभियान कमेटी के प्रमुख के तौर पर मोदी ने इन लोगों से तीन घंटे तक बातचीत की।
हालांकि बंद कमरे में हुई बैठक में उन्होंने यह जरूर कहा कि वह यहां लोगों से फीडबैक लेने आए हैं, राजनीति पर चर्चा करने के लिए नहीं। मोदी ने जातीय एसोसिएशन के नेताओं से भी मुलाकात की।
हैदराबाद में अपनी रैली से पहले मोदी ने जिन लोगों से मुलाकात की उनमें पूर्व गृह सचिव के पद्मनभैया, सेवानिवृत डीजीपी सी. गोपीनाथ रेड्डी, वीएसएनएल के पूर्व चेयरमैन टी हनुमान चौधरी और प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ बी. सोमाराजू शामिल थे।
उनसे मिलने वाले बीजेपी नेताओं बंगारू लक्ष्मण, बंडारू दत्रात्रेय, वीवी रामाराव, एन, इंद्रसेन रेड्डी, आंध्रप्रदेश बीसी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेसिडेंट आर. कृष्णैया, शिड्यूल कास्ट (मदिगा) एसोसिएशन के नेता मंदा कृष्णा मदिगा और दूसरे अन्य नेता शामिल थे।
बीसी एसोसिएशन के नेता ने मोदी को एक ज्ञापन सौंप कर पिछड़े वर्ग के लिए लोकसभा और विधासभाओं में 50 फीसदी आरक्षण की मांग की।
कृष्णैया ने बताया कि मोदी ने पिछड़े वर्ग के लिए राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने की बात कही है और वादा किया कि वह इसके लिए कोशिश करेंगे।
बीसी एसोसिएशन के नेता ने अनुसूचित जातियों में वर्गीकरण पर भी जोर दिया ताकि आरक्षण के मामले में सबसे साथ न्याय हो सके।