विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने कहा है कि देश में नरेंद्र मोदी आज उतने ही लोकप्रिय हैं जैसे पंडित जवाहर लाल नेहरु हुआ करते थे। महाकुंभ में संवाददाताओं से बातचीत में सिंघल ने कहा है कि विहिप मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने से हिचक नहीं रही है लेकिन ये काम भाजपा का है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मसलों पर विहिप का स्टैंड स्पष्ट है और मार्गदर्शक मंडल की बैठक में नरेंद्र मोदी के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं होगी।
वहीं, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह बुधवार दोपहर को इलाहाबाद पहुंचे। महाकुंभ में पहुंचने के तुरंत बाद ही राजनाथ ने संगम में डुबकी लगाई। इसके बाद वे विहिप की सर्वोच्च संस्था मार्गदर्शक मंडल की बैठक में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि बैठक में राजनाथ सिंह ने एक बार फिर राम मंदिर के मुद्दे को भाजपा के एजेंडे में शामिल करने की घोषणा की। उन्होंने कहा है कि राम मंदिर का मुद्दा भाजपा की प्राथमकिता में है और ये अयोध्या में ही बनना चाहिए।
माना जा रहा है कि आज की बैठक में संत समाज नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग को लेकर भी प्रस्ताव पास कर सकता है। हालांकि भाजपा ने संतों से कहा है कि विवाद से बचने के लिए वे ऐसे किसी प्रस्ताव को पास न करें। नरेंद्र मोदी खुद 12 फरवरी को कुंभ में डुबकी लगाने आएंगे।