गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी में प्रधानमंत्री बनने की पूरी काबिलियत है। इस बात के दावे आए दिन किए जाते रहे हैं, लेकिन अब पीएम पद की दौड़ में शामिल भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने भी मोदी की उम्मीदवारी पर मुहर लगा दी है।
सुषमा ने कहा है कि मोदी पीएम पद के काबिल हैं और इसमें कोई दो राय नहीं है। गुजरात चुनाव की सियासी दांवपेंच के बीच सुषमा स्वराज का समर्थन मिलने से मोदी का दावा और मजबूत हो गया है। साथ ही गुजरात की जनता को पार्टी ने यह संदेश दे दिया है कि वे सिर्फ मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि देश का भावी प्रधानमंत्री भी चुनने जा रहे हैं।
दूसरी ओर, सुषमा के इस बयान ने दिल्ली तक भाजपा की अंदरूनी सियासत में हलचल मचा दी है। इससे पहले पार्टी सांसद राम जेठमलानी ने भी मोदी के पीएम पद की उम्मीदवारी का समर्थन किया था। बहरहाल, नेतृत्व संकट से जुझ रही भाजपा ने मोदी की पीएम पद की उम्मीदवारी के जरिए इसका समाधान निकालने का पुख्ता संदेश दे दिया है।
ऐसे संदेश पहले भी दिए जाते रहे हैं, लेकिन पीएम पद की दौड़ में शामिल सुषमा स्वराज के मोदी का समर्थन करने से इस संदेश का महत्व काफी बढ़ गया है। ऐसे में अगर भाजपा गुजरात को फिर से फतह कर लेती है तो मोदी का 2014 के आम चुनाव के लिए भाजपा की ओर से पीएम पद के उम्मीदवार के तौर पर दावा और पुख्ता हो जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को भी मोदी के नाम पर कोई दिक्कत नहीं है।
वैसे सुषमा स्वराज के इस बयान ने दिल्ली तक भाजपा की अंदरूनी सियासत का पारा बढ़ा दिया है। खास बात यह है कि शिवसेना के पूर्व प्रमुख बाला साहब ठाकरे ने पिछले दिनों सुषमा स्वराज को भाजपा की ओर से पीएम पद का सबसे योग्य उम्मीदवार बताया था। अब सुषमा ने मोदी का नाम आगे कर दिया है। सुषमा को आडवाणी का करीबी माना जाता है। ऐसे में सुषमा के बयान के बृहद अर्थ हो सकते हैं।
उधर, वर्ष 2009 में भाजपा की ओर पीएम पद के उम्मीदवार रहे आडवाणी ने भी अब तक उम्मीदें नहीं छोड़ी हैं, लेकिन संघ से लेकर पार्टी का एक बड़ा वर्ग उनके नाम पर दोबारा दांव लगाने में हिचक रहा है। भाजपा की ओर पीएम पद की रेस में शामिल अरुण जेटली को मोदी का करीबी माना जाता है। ऐसे में सुषमा की बात का विरोध होने की संभावना बहुत कम है और पीएम उम्मीदवार के तौर पर मोदी की राह आसान होती दिख रही है।
भाजपा में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों की कोई लाइन नहीं है, लेकिन जहां तक नरेंद्र मोदी का सवाल है तो वे पीएम बनने की काबिलियत है और इसमें कोई दो राय नहीं है।
-सुषमा स्वराज, भाजपा नेता
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवारों में मोदी के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली का नाम शामिल है। इस रेस में पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी का नाम भी लिया जाता रहा है, लेकिन आरोपों में घिरने की वजह से अब वे दौड़ से बाहर हो चुके हैं।
एनडीए की राजनीति में भी मचेगी हलचल
सुषमा स्वराज के बयान से एनडीए की राजनीति में भी हलचल मच सकती है, क्योंकि एनडीए के सबसे बड़े घटक दल जद-यू को मोदी की हिंदूवादी छवि को लेकर एतराज रहा है। जद-यू के वरिष्ठ नेता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुलेआम मोदी की मुखालफत भी करते रहे हैं। ऐसे में जद-यू को मनाना भाजपा के लिए आसान नहीं होगा।
...तो राहुल बनाम मोदी होगा अगला आम चुनाव
वर्ष 2014 में होने वाले आम चुनाव के लिए कांग्रेस ने राहुल गांधी को आगे कर दिया है। ऐसे में भाजपा का एक खेमा मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने और राहुल के मुकाबले में खड़ा करने की वकालत करने लगा है।