भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।
बंगलूरू में भारत जीतो रैली के दौरान मोदी ने कहा, 'मेरी रैलियों में भारी भीड़ देखकर कांग्रेस बौखला गई है। कांग्रेस इस भीड़ को पचा नहीं पा रही है, इसलिए वह कई तरीकों से मुझ पर हमला कर रही है। यहां तक कि वह मेरे खिलाफ षडयंत्र भी कर रही है।'
मोदी ने कहा कि देश को युवाओं को मुल्क बनाना है। यदि युवा चाहे तो देश की तकदीर बदल सकते हैं। लेकिन कांग्रेस के लिए यूथ केवल वोटर हैं वहीं भाजपा के लिए ताकत हैं। हम जितना इसका सदुपयोग करेंगे भारत उतना ही शक्तिशाली बनेगा।
भाजपा नेता ने कहा कि कोयला घोटाले में सीबीआई का शिकंजा कसा तो सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि कोयले की फाइल खो गई। लेकिन सच तो यह है कि कोयले की फाइल नहीं बल्कि सरकार ही खो गई है।
मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान देश का विकास दर विशेषकर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी सेक्टर में गिरावट दर्ज की गई है। यह सरकार वाजपेयी सरकार के विकास दर को बनाए रखने में असफल रही।
यूपीए राज में बेरोजगारी बढ़ी है। देश में पशुधन कम हो रहा है। डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट इसका सबूत है। रुपया आईसीयू में है और सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। यूपीए सरकार में रेलवे महज राजनीतिक कार्यक्रम बनकर रह गया है। सारे फैसले राजनीतिक दृष्टिकोण को देखकर लिए जा रहे हैं।
मोदी ने प्रोफेसर सीएनआर राव और सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न सम्मान मिलने पर बधाई दी।
इससे पहले बंगलूरू में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस येदियुरप्पा और मोदी के साथ वाले पोस्टर जगह-जगह दिखे। इससे एक बार फिर येदियुरप्पा के भाजपा में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।
रैली के दौरान शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पटना में रैली के दौरान हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद पुलिस ने रैली में आने वालों की सुरक्षा जांच की।