फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM सही बोले, अच्छे दिन आ रहे हैं: मोदी

Thu, 09 Jan 2014 06:58 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपनी रिटायरमेंट स्पीच के दौरान यूपीए के बचाव में खूब बातें कहीं, लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी पर हमला बोलकर।
विज्ञापन


मनमोहन सिंह से जब आगामी लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी की जंग के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "व्यक्तिगत रूप से मेरा मानना है कि अगर नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनते हैं, तो यह विनाशकारी होगा। जब अहमदाबाद की सड़कों पर कत्लेआम मचा था, तो वह राज्य की बागडोर संभाल रहे थे।"

इस बयान के बाद से ही नरेंद्र मोदी के जवाब का इंतजार किया जा रहा था। आज इंतजार खत्म हुआ। प्रवासी भारतीय दिवस में मोदी ने अपने भाषण में यूं तो विकास का राग छेड़ा, लेकिन बातों-बातों में वह मनमोहन पर हमला बोल गए।
विज्ञापन

चार-छह महीने में आएंगे अच्छे दिन!

भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी की निगाह अब लोकसभा चुनावों पर टिकी है और उन्होंने दिल्ली में आयोजित प्रवासी भारतीय दिवस के आखिरी दिन इस बात का संकेत भी दे डाला।

मोदी ने कहा, "कल यहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आए थे। वह बड़ी अच्छी बात कहकर गए। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द अच्छे दिन आने वाले हैं। मेरा भी ऐसा मानना है कि अच्छे दिन आने वाले हैं। हां, इसमें चार-छह महीने का वक्‍त जरूर लग सकता है। और मुझे आगे कहने की जरूरत नहीं है।"

जाहिर है, मोदी का इशारा लोकसभा चुनावों के नतीजों की तरफ था। वह उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार यूपीए को तख्त से हटाकर वह और उनकी पार्टी भाजपा सत्ता की कुर्सी संभालेगी। हालांकि, आम आदमी पार्टी से उन्हें कड़ी चुनौती मिल सकती है।

'मोदी-हुड्डा के बीच स्पर्धा सकारात्मक'

नरेंद्र मोदी ने कहा कि बीते कुछ दिन में देश का माहौल बदला है। एक सकारात्मक प्रतिस्पर्धा शुरू हुई है। अगर मोदी अपने राज्य को विकास में नंबर वन बताते हैं, तो हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा कहते हैं कि उनके राज्य ने ज्यादा विकास किया है।

भाजपा के पीएम पद के दावेदार का कहना है कि यह नया चलन है और इसका स्वागत होना चाहिए। राज्यों के बीच इस तरह की स्पर्धा देश को विकास की पटरी पर लाने का काम करती है।

पहले हमारे देश में बीमारू राज्यों की बात होती थी, लेकिन अब वही राज्य विकास करने लगे हैं। राज्यों में विकास के लिए दौड़ अच्छी बात है। यह भी खुशी की बात है कि अब फोकस केंद्र से राज्य की तरफ बढ़ रहा है।

पटेल की प्रतिमा पर की अपनी तारीफ!

मोदी ने गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाने की योजना पर अपनी पीठ ठोंकी। उन्होंने कहा कि गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर काम हो रहा है। यह दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी और स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की तुलना में इसका कद दोगुना होगा।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सरदार पटेल न होते, उनकी सोच न होती तो गुजरात में गिर के शेर देखने के लिए पाकिस्तान से वीजा मांगना पड़ता।

उन्होंने कहा कि उनकी वजह से देश एक सूत्र में पिरोया गया है। आने वाली पी‌ढ़ी को भी उनसे प्रेरणा मिलती रहेगी। यही वजह है कि आज कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत एक है।
विज्ञापन

अमृत पर्व तक साधना है लक्ष्य!

भाजपा के पीएम पद के दावेदार ने कहा कि भारत के पास सामर्थ्य है और उसे इसका इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा क‌ि 2022 में देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। यह अमृत पर्व होगा।

मोदी ने कहा कि हमें सोचना होगा कि जिन महान लोगों ने हमें आजादी दिलाई, उन्हें हम कैसा हिंदुस्तान देना चाहते हैं। देशवासियों को ऐसा देश बनाकर देना होगा, जिनसे उन्हें गर्व महसूस हो।

उन्होंने कहा कि आजादी के लिए अपनी जान देने वाले, जेलों में जिंदगी काटने वाले लोगों के चरणों में अब विकसित हिंदुस्तान रखेंगे, ऐसा प्रण लेकर चलना होगा। देश का जो मौजूदा नक्‍शा है, उसका श्रेय सरदार पटेल को जाता है। आगे हमें देश की ऊर्जा को दिशा देने की जरूरत है। एक भारत, श्रेष्ठ भारत बनाना है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें