राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने मुजफ्फरनगर में हुए सांप्रदायिक दंगा मामले में उत्तर प्रदेश सरकार से रिपोर्ट तलब की है।
आयोग के अध्यक्ष वजाहत हबीबुल्ला ने सांप्रदायिक दंगे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हालात सुधरने के बाद आयोग की टीम वहां जा कर हकीकत का पता लगाएगी।
अमर उजाला से बातचीत में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि इस समय वह इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे क्योंकि उन्हें जो भी जानकारी मिली है, वह मीडिया के माध्यम से मिली है।
हबीबुल्ला ने बताया कि हर घटना की तरह इस मामले में भी आयोग ने राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। हालात जैसे ही सुधरेंगे आयोग की टीम वहां जा कर घटना के कारणों का पता लगाएगी।
तस्वीरों में मुजफ्फरनगर दंगों का दर्द
यह पूछे जाने पर कि क्या आयोग इस घटना को प्रशासनिक विफलता मानता है तो हबीबुल्ला ने कहा कि इस समय वह इस दंगे को महज दुर्भाग्यपूर्ण ही कह सकते हैं।
जब तक राज्य सरकार की रिपोर्ट नहीं आती और आयोग की टीम खुद मौके पर जा कर घटना के कारणों का पता नहीं लगाती, तब तक वह इस संबंध में कुछ नहीं कहेंगे।