सीएम अखिलेश यादव के साथ कैबिनेट मंत्री आजम खां के नहीं आने पर मुसलिमों ने नारेबाजी कर दी। सीएम के निकलने के बाद लोगों ने काले झंडे दिखाए।
मुसलिमों में गुस्सा इस बात को लेकर था कि लखनऊ से जेल मंत्री राजेंद्र चौधरी साथ आए हैं, आजम को क्यों नहीं लाया गया।
नगर विकास मंत्री आजम खां जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। दंगा पीड़ितों के हाल को जानने आए सीएम के साथ आजम खां को न देखकर मुसलिमों ने नाराजगी जताई।
कुछ ग्राम प्रधानों ने तो यहां तक कहा कि राजेंद्र चौधरी के रहते हमें न्याय की उम्मीद नहीं है। कवाल में सीएम जब मुसलिमों के एक वर्ग से मिले तो यह भी सवाल किया गया।
सीएम कुछ नहीं बोले तो मुसलिमों ने बाहर निकलकर आजम खां जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। साथ ही सीएम को काले झंडे दिखाकर विरोध किया।
मुजफ्फरनगर के दंगे को लेकर सरकार के रवैये से आजम भी नाराज हैं। हालांकि प्रभारी मंत्री ने अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।
इतना जरूर है कि उन्होंने शनिवार को लोगों से सीएम को अपना दर्द बताने और उन्हें सहयोग करने की गुजारिश की।