उत्तर प्रदेश के बरेली में कुर्बानी के लिए लाए गए बकरे को मोटा-ताजा करने के चक्कर में उसे इतना ज्यादा खिलाया कि उसका यूरीनरी ब्लेडर फट गया। इसके बाद बकरे को ऑपरेशन के लिए आईवीआरआई (भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान) ले जाया गया जहां डॉ. अभिजीत पावड़े ने बृहस्पतिवार शाम उसका ऑपरेशन किया। अब शुक्रवार को बकरे की कुर्बानी दी जाएगी।
शाहदाना इलाके में रहने वाले टेलर राजू ने बुधवार को ही कुर्बानी के लिए शाहदाना बाजार से बकरा खरीदा था लेकिन बृहस्पतिवार की सुबह उसका यूरीनरी ब्लेडर फट गया। आईवीआरआई के डॉ. अभिजीत पावड़े ने बताया कि बकरे को मोटा करने के लिए उसे अनाज और गेहूं का चोकर ज्यादा खिला दिया गया।
इससे बकरे के शरीर में विटामिन डी की मात्रा ज्यादा हो गई जबकि विटामिन ए का लेवल घट गया। विटामिन ए की कमी से बकरे के यूरीनरी ब्लेडर की अंदरूनी कोशिकाएं नष्ट होने लगती हैं, लिहाजा बकरे का यूरीनरी ब्लेडर कमजोर होकर फट गया। शाम को डॉ. अभिजीत पावड़े ने बकरे का ऑपरेशन किया। डॉ. पावड़े ने बताया कि बकरे को ज्यादा अनाज खिलाने के बजाय हरी पत्तियां खिलानी चाहिए। इससे उसमें विटामिन डी और ए का स्तर सामान्य रहता है और वह बीमार होने से बचा रहता है।