भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में किसानों से आत्महत्या जैसा बड़ा कदम न उठाने का आह्वान करते हुए कहा है कि उनकी पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है। विदर्भ क्षेत्र के यवतमाल जिले में ‘किसान पे चर्चा’ के दौरान मोदी ने किसानों से मुखातिब होते हुए कहा कि आत्महत्या करना समस्या से लड़ने का रास्ता नहीं है।
पिछले एक दशक में विदर्भ में बड़ी संख्या में किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि न सिर्फ किसान आत्महत्या कर रहे हैं बल्कि उनके पीछे उनके परिवार भी अपनी जीवनलीला खत्म कर रहे हैं। उन्होंने यूपीए सरकार पर किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
मोदी ने कहा कि पिछले दस साल के यूपीए कार्यकाल के दौरान देश में सीमा पर जवानों से ज्यादा किसानों की मौत हुई। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों को कर्ज देने वाले साहूकारों के चंगुल से छुड़ाने, तर्कसंगत कृषि निर्यात नीति और नदियों को जोड़ने का काम करेगी।