महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार के साथ शिवसेना के आने को लेकर एक बार फिर गतिविधियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक 25 साल पुराने भाजपा-शिवसेना गठबंधन को लेकर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की।
संघ प्रमुख ने जिस समय ठाकरे से फोन पर बात की, उस समय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी नागपुर स्थित संघ मुख्यालय में मौजूद थे। माना जा रहा है कि सरकार में शामिल होने को लेकर सोमवार को भागवत उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो मोहन भागवत शिवसेना को भाजपा से अलग नहीं होने देना चाहते, इसीलिए गठबंधन को दोबारा जीवित करने के लिए उन्होंने खुद आगे बढ़कर कमान संभाली है। भागवत लगातार ठाकरे के संपर्क में बने हुए हैं।
इस बीच राज्य मंत्रिमंडल में उचित हिस्सेदारी की मांग पर अड़ी शिवसेना ने भी अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि पूर्व सहयोगी के साथ वार्ता के दरवाजे अब भी खुले हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने अगले सप्ताह अपने मंत्रिमंडल के विस्तार की घोषणा की।