वाराणसी के एक गांव जयापुर को मोदी ने गोद लिया है। उन्होंने इस मौके पर गांव में एक सभा भी की। जब गांव की प्रधान बोलने के लिए मंच पर पहुंचीं तो वो माइक तक नहीं पहुंच पा रही थीं।
विज्ञापन
दुर्गावती बेहद असहज थीं और ऊंचे माइक से ही बोलने की कोशिश कर रही थीं। पास ही में बैठे पीएम मोदी ने उनकी इस समस्या को समझा और तुरंत खड़े होकर माइक को ठीक किया।
उनके इस तरह सहज भाव से माइक ठीक करते देख सभी हैरान रह गए और सुरक्षाकर्मी भी कुछ समझ नहीं पाए। मोदी के ऐसा करते ही पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सोशल मीडिया पर भी उनके इस काम की काफी तारीफ हो रही है।
विज्ञापन
पीएम ने की कैंसर पीड़ित की मदद
पीएम मोदी वाराणसी से सांसद भी हैं। उन्होंने रविंद्रपुरी स्थित बीजेपी कार्यालय में कुछ लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इन लोगों में एक महिला भी थी जिसने अपनी बेटी के इलाज के लिए उनसे गुहार लगाई।
कल्याणी शर्मा नाम की इस महिला की बेटी कैंसर से पीड़ित है और उनकी दोनों किडनियां खराब हैं। उन्होंने बताया कि पीएम ने उनकी पूरी बात सुनी और फिर संबंधित लोगों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि,"पीएम ने संबंधित लोगों से मेरी सहायता करने को कहा। मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई प्रधानमंत्री इतना विनम्र और मददगार हो सकता है।
वाराणसी में पूजा पाठ का मौका नहीं छोड़ते मोदी
मोदी जब भी बनारस आते हैं तो पूजा जरूर करते हैं। शनिवार को सफाई अभियान चलाने से पहले भी मोदी ने मां गंगा की पूजा की। वे सुबह करीब पौने नौ बजे गंगा घाट पर पहुंचे।
मशहूर अस्सी घाट पर उन्होंने मंत्रोच्चार के बीच गंगा पूजन किया और पुरोहितों को 501 रुपये दक्षिणा में भी दिए। मोदी ने नारियल, फूल, मिठाई, साड़ी आदि मां गंगा को अर्पित कीं।
वहां वे करीब 15 मिनट रुके। गौरतलब है कि मोदी जब भी वाराणसी आते हैं गंगा पूजन जरूर करते हैं। वो वाराणसी के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थानों पर भी जा चुके हैं।
मोदी ने वाराणसी में चलाया सफाई अभियान
अस्सी के घाट पर मोदी ने हाथ में फावड़ा लिया और करीब 15 मिनट पर सफाई अभियान में जुटे रहे। उन्होंने पूरे जोर से फावड़ा चलाया जिसे देख कर वहां मौजूद दूसरे लोग भी उत्साह से लबरेज हो गए।
घाट पर सफाई करके उन्होंने दो संदेश एक साथ दिए। पहला तो गंगा घाटों की सफाई का संदेश और दूसरा स्वच्छता अभियान को आगे बढाने का संदेश। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात की।
मोदी ने नौ लोगों को नॉमिनेट किया और उनसे सफाई अभियान का हिस्सा बनने को कहा। उन्होंने अखिलेश यादव, जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य, भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, साहित्यकार व कृष्ण की आत्मकथा लिखने वाले मनु शर्मा, क्रिकेटर मोहम्मद कैफ व सुरेश रैना, पद्मश्री प्रोफेसर देवी प्रसाद द्विवेदी, राजू श्रीवास्तव और कैलाश खेर को नॉमिनेट किया।
बनारस में ट्रेड फैसिलिटी सेंटर की आधारशिला रखने के बाद बुनकरों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि एक बुनकर केवल साड़ी नहीं बुनता बल्कि समाज को भी बुनता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी के लोगों को आश्वस्त किया है कि वे उनका भरोसा टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि उनकी सोच काशी का पुनर्निर्माण नहीं, कायाकल्प करने की है जिसमें काशी की काया बदलेगी मगर आत्मा सुरक्षित रहेगी।
अच्छी ट्रेन, वाइ-फाइ बीएचयू, घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था, बिजली के लटकते तार समेत अन्य समस्याओं और मुद्दों पर भी मोदी ने बातें की।