गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भले ही वार्टन इंडिया इकोनॉमिक फोरम में भाषण देते नजर नहीं आए लेकिन अमेरिका में वह लोगों को संबोधित करते जरूर दिखाई देंगे।
मोदी अब अमेरिका के शिकागो, न्यूजर्सी, इलिनॉइस और एडीशन राज्यों में बसे प्रवासी भारतीयों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे।
ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी यूएसए की वेबसाइट पर दी गई सूचना के अनुसार मोदी 9 मार्च को 7-9 बजे (पूर्वी मानक समय) इन राज्यों में बसे प्रवासी भारतीयों को लाइव संबोधित करेंगे।
मोदी कर्णवती (अहमदाबाद) से लोगों के मुखातिब होंगे। रविवार को अमेरिकी वार्टन स्कूल ऑफ बिजनेस ने गुजरात के सीएम के प्रस्तावित मुख्य संबोधन को कुछ प्रोफेसरों और छात्रों के विरोध को देखते हुए रद्द कर दिया था।
इस फैसले से नाराज अदानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदानी और शिवसेना के नेता सुरेश प्रभु ने भी वार्टन इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया था।
इस फोरम का प्रमुख स्पांसर अदानी ग्रुप ही था। इसके बाद ग्रुप ने स्पांसरशिप से भी खुद को अलग कर लिया।
मोदी की जगह नहीं करूंगा संबोधन: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने वार्टन इंडिया इकोनॉमिक फोरम में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाकर उनको आमंत्रित किए जाने पर सफाई दी है। केजरीवाल का कहना है कि मेरा वहां जाकर भाषण देने का मोदी से कोई लेना देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुझे मोदी का कार्यक्रम रद्द करने से काफी पहले आमंत्रित किया गया था, इसलिए मेरे किसी को रीप्लेस किए जाने का सवाल ही नहीं पैदा होता है। यह सब मीडिया की अटकलें हैं। हालांकि केजरीवाल फोरम को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ही संबोधित करेंगे।
भ्रम पर वार्टन ने जताया खेद
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को रद्द करने के वार्टन इंडिया इकोनॉमिक फोरम की आयोजन समिति के फैसले का वार्टन स्कूल ऑफ बिजनेस ने समर्थन किया है। साथ ही संस्था ने भ्रम की वजह से कार्यक्रम में हुए बदलाव पर खेद जताया है।
अपने एक बयान में संस्था ने कहा है कि इकोनॉमिक फोरम के छात्र आयोजनकर्ताओं ने घोषणा की है कि उन्होंने मोदी के संबोधन के प्रस्ताव को रद्द कर दिया है। हम अपने छात्रों के कार्यक्रम के आयोजन के प्रयासों की सराहना करते हैं और कार्यक्रम में बदलाव को लेकर हुए भ्रम पर खेद प्रकट करते हैं।