भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के गृहनगर स्थित उनके ऑफिस पर हमला हुआ है।
भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। पुलिस के मुताबिक अय्यर के मयिलादुथुरई स्थित ऑफिस पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने पथराव किया। इस कारण कार्यालय के शीशे टूट गए।
इसको देखते हुए पुलिस ने अय्यर के ऑफिस की सुरक्षा बढ़ा दी है। राज्यसभा सदस्य अय्यर इससे पहले मयिलादुथुरई से ही लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।
शुक्रवार को दिल्ली में एआईसीसी की बैठक में अय्यर ने वादा किया था कि मोदी कभी पीएम नहीं बनेंगे, लेकिन अगर वह एआईसीसी बैठक में चाय बेचना चाहते हैं तो वे उनके लिए जगह की व्यवस्था कर देंगे।
अय्यर की यह टिप्पणी मोदी के पहले कभी चाय बेचने के संदर्भ में थी। इस टिप्पणी के विरोध में भाजपा के करीब 50 कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।