फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'शहजादे ऐसे बात करते हैं, जैसे मंगल ग्रह से आए हों'

विज्ञापन
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्णिया में आयोजित रैली में कहा कि पूरे देश में होली के साथ-साथ भाजपा का रंग चढ़ा हुआ है।
विज्ञापन


अपने भाषण की शुरुआत मैथिली भाषा में करते हुए मोदी ने कहा कि होली के साथ ही लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव आ रहा है। इस उत्सव पर देश में सद्भावना और भाईचारे के रंग बिखेरेंगे।

मुजफ्फरपुर रैली की तरह पूर्णिया में भी मोदी के निशाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और तीसरा मोर्चा रहा। मोदी ने दोनों पर जमकर हमला बोला।

नीतीश का अहंकार एवरेस्ट से भी ऊंचा

मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा‌ कि मेरी रैली में हुए बम धमाकों के बाद भी बिहार के लोग डरे नहीं, ‌बल्कि हिम्मत से डटे रहे।

उन्होंने सवाल किया कि बिहार में एनडीए का गठबंधन क्‍यों तोड़ा गया? किसी ने कहा, उनकी आदत है पीठ में छुरा घोंपने की। ऐसे कारनामों से जयप्रकाश नारायण, राममनोहर लोहिया को कितनी पीड़ा हुई होगी?

मोदी ने नीतीश का नाम लिए बिना उनपर हमला बोला। मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने का सपना उन्हें सोने नहीं देता है। उनका अहंकार एवरेस्ट से भी ऊंचा है। वे कहते हैं कि उनके बिना इस देश में कोई पीएम का योग्‍य उम्‍मीदवार नहीं है।

तीसरे मोर्चे में पूर्व प्रधानमंत्रियों की टोली

तीसरे मोर्च पर करारा हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि थर्ड फ्रंट में पूर्व प्रधानमंत्रियों की टोली है। यहां 12 से ज्यादा लोग प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं।

मोदी ने सवाल उठाया कि बिहार में बाढ़ के वक्त ये थर्ड फ्रंट कहां था। जब गुजरात में प्राकृतिक आपदा आई थी, उस समय यह थर्ड फ्रंट कहां था।

मोदी ने पूछा कि जब असम में दंगे हुए तब थर्ड फ्रंट कहा था। जब सेना के जवानों के सिर काट लिए गए, तब तीसरा मोर्चा कहां था। यूपी में साल भर में 150 दंगे हुए, तब यह मोर्चा कहां था।

मोदी ने कहा कि जब चुनाव का बिगुल बजता है तभी इनकी नींद टूटती है और फिर सो जाते हैं।

सातवें आसमान पर है शहजादे का अहंकार

नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को एक बार फिर 'शहजादा' कहकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शहजादे कह रहे हैं कि हमने मोबाइल दिया, यहां किसकी जेब में कांग्रेस का दिया हुआ मोबाइल है?

राहुल का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा, 'उनका अहंकार भी सातवें आसमान पर है। वे ऐसे बात करते हैं जैसे मंगल ग्रह से आए हैं।'

उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस के शहजादे पहले घोषित करें कि दिल्‍ली में आपकी सरकार है या नहीं। यह क्‍या बात हुई कि तालाब से निकलें और शरीर पर पानी की एक बूंद न हो।'
विज्ञापन

पूरे देश में आज जंगलराज है

यूपीए सरकार को निशाने पर लेते हुए मोदी ने कहा कि देश की जनता दिल्ली में मरी हुई और बाहरी ऑक्सीजन से चलने वाली सरकार से मुक्ति चाहती है।

उन्‍होंने कहा ‌कि पहले केवल बिहार में जंगलराज था, लेकिन आज पूरे देश में जंगलराज है। वोट बैंक की राजनीति करने वाले राजनेता आने वाली पीढियों को भी तबाह कर देना चाहते हैं। बिहार के लोग इस जंगलराज से मुक्ति का रास्‍ता दिखा सकते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें