पुलिस ऑफिस पर सोमवार दोपहर कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल को देख लोग अचंभित हो उठे। मोदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन पाठक ने सेना के जिलाध्यक्ष के घर हुई लाखों रुपये की डकैती के खुलासे की मांग की। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई।
सोमवार दोपहर पुलिस ऑफिस पर मोदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन पाठक ने कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। प्रधानमंत्री के हमशक्ल होने के कारण उन्हें देखने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे थे।
उनके इर्द-गिर्द बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। 'मोदी' द्वारा पुलिस ऑफिस पर धरना देने की सूचना पर लोग मौके पर पहुंचने शुरू हो गए।
दरअसल, रामपुर तिराहा निवासी मोदी सेना के जिलाध्यक्ष विनोद पुंडीर के घर 30 सितंबर की रात डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। परिजनों को बंधक बनाकर बदमाश करीब 20 लाख की संपत्ति लूट ले गए थे।