प्रधानमंत्री के विजय रथ को दिल्ली में रोकने वाले अरविंद केजरीवाल इस बार दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों के चयन को शुरू हुए रीडर्स पोल में भी मोदी के सामने नई चुनौती बनकर खड़े हो गए हैं।
टाइम-100 के लिए पोल शुरू होने के महज पांच दिनों में ही केजरीवाल प्रधानमंत्री मोदी से महज दशमलव दो फीसदी वोट से पीछे रह गए हैं। किसी इंटरनेशनल रीडर्स पोल में मोदी को केजरीवाल की ये पहली बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
इससे पहले टाइम पर्सन आफ द ईयर के लिए रीडर्स पोल में नरेंद्र मोदी विजेता बने थे और केजरीवाल रेस तक में नहीं थे। टाइम-100 के पोल में इंडियावालों का डंका टाइम पत्रिका ने दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों के चयन को रीडर्स पोल की लाइन खोली तो उसमें इंडियावालों का डंका बज गया।
भारतीय मूल की 7 शख्सियतें टॉप-100 में
पांच दिनों में ही भारतीय मूल की 7 शख्सियतें इसमें टॉप-100 में जगह बनाने में कामयाब हो चुकी हैं। इनमें कला, संस्कृति, फिल्म से लेकर आईटी और राजनीति तक के चेहरे हैं। इसमें तीन लोग भारत के हैं तो तीन भारतवंशीय हैं। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा का निवास भारत में ही है।
सत्य नाडेला से फूड बेब तक
टाइम-100 की दौड़ में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से लेकर आतंकी संगठन बोको हरम के प्रमुख तक का नाम शामिल है। लेकिन, अमेरिका की हस्तियों के बाद किसी एक मुल्क से संबंधित सबसे ज्यादा नाम भारतीयों के ही हैं।
अभी तक इसमें नरेंद्र मोदी, अरविंद केजरीवाल और दलाई लामा के अलावा भारतीय मूल के सत्य नाडेला, फूड बेब वानी हरि, चर्चित अमेरिकी कामेडियन अजीज अंसारी, अमेरिकी प्रशासन में पदाधिकारी विवेक मूर्ति का नाम शामिल है।
24 मार्च से शुरू हुए रीडर्स पोल में फेसबुक, ट्विटर और मैगजीन की साइट टाइम डाट कॉम पर 10 अप्रैल तक कोई भी वोट कर सकता है। 13 अप्रैल को रीडर्स च्वायस के विजेता का ऐलान किया जाएगा। फिर एडिटर्स 16 अप्रैल टाइम-100 के विजेता के नाम का ऐलान करेंगे।