विश्व हिंदू परिषद के नेता अशोक सिंघल ने शुक्रवार को कहा कि बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को वीएचपी ने बनाया है। सिंघल ने कहा कि वह सभी जाति, समुदाय और धर्म के लोगों को एक करने में सक्षम हैं।
सिंघल ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि बीजेपी को छोड़कर सभी राजनीतिक दल खुले तौर पर लूट, भ्रष्टाचार और काले धन को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि इतना ही नहीं ये सारी पार्टियां धर्म और भाषा ने नाम पर समाज को बांटने का भी काम कर रही हैं।
भारत तब तक महाशक्ति नहीं बन सकता जब तक समाज के सभी वर्गों के लोग साथ नहीं आएंगे और यह केवल मोदी के नेतृत्व में हो सकता है। मोदी कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक सभी को एक साथ जोड़ सकते हैं।
राजनीतिक पार्टियों ने सांप्रदायिकता को मशहूर बना दिया है, जिसने देश को विभाजित कर दिया। दिल्ली में हाल ही हुए संत समागम की ओर इशारा करते हुए सिंघल ने कहा कि देश को हम आध्यात्मिक देश बनाएंगे।
वीएचपी के इस नेता ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने को लेकर एक बार फिर से अपना भरोसा जताया।