भले ही कर्नाटक में नरेंद्र मोदी का करिश्मा काम न आया हो लेकिन उन्हें पीएम के रूप में प्रोजेक्ट करने की मुहिम अब टी-शर्ट और कॉमिक बुक्स तक पहुंच गई है।
भाजपा के यूथ विंग के एक पूर्व कार्यकर्ता ने एक पॉपुलर सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट के जरिए एक टी-शर्ट बेचना शुरू किया है जिसमें भारत के राष्ट्रीय झंडे पर मोदी की तस्वीर छपी है।
इस टी-शर्ट पर लिखा है, इंडिया फर्स्ट इज माइ डेफिनिशन ऑफ सेक्युलेरिज्म: मोदी मंत्रा। इसकी कीमत 235 रखी गई है।
मोदी की टी-शर्ट को इंटरनेट के जरिए बेचने वाले दिल्ली के राइट विंग ग्रुप भगत सिंह क्रांति सेना (बीएसकेएस) से जुड़े तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने इस मुहिम को 'मोदीफाइंग इंडिया' का नाम दिया है।
यह टी शर्ट ब्लैक और ब्राउन कलर में चार साइज में उपलब्ध है। बग्गा ने दावा कि न सिर्फ भारत के शहरों से बल्कि अमेरिका और जर्मनी से भी इसके लिए ऑर्डर्स आ रहे हैं।
इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, बग्गा का कहना है कि टी-शर्ट के बाद मोदी पर कॉमिक बुक्स और गेम्स को लाने की योजना है। इसे हिंदी, पंजाबी और भोजपुरी में 'नमो नमो' नाम के थीमसॉन्ग के साथ लॉन्च किया जाएगा।
इस बारे में लेखक और क्रिएटर आदित्य बक्षी ने कहा है कि वह मोदी पर 40 पेज की कॉमिक ग्राफिक बुक बना रहे हैं। इसमें मोदी के जीवन को चित्रित किया जाएगा। यह ऑनलाइन भी उपलब्ध होगा।