लोकसभा की सियासी जंग के लिए भाजपा अब अपने पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बचपन में चाय बेचने की बात को भुनाने में जुट गई है। इसके लिए पार्टी ने ‘चाय पर चर्चा नमो के साथ’ कार्यक्रम का ऐलान किया है।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने मंगलवार को इस कार्यक्रम की औपचारिक तौर पर घोषणा कर दी।
उन्होंने कहा कि आगामी 12 फरवरी को पहले राउंड में देश के 27 राज्यों के 300 शहरों में एक हजार स्थानों पर एक साथ यह कार्यक्रम होगा। इसकी शुरुआत अहमदाबाद में खुद ‘चाय वाले’ मोदी करेंगे।
मौजूद रहेंगे मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता
इस कार्यक्रम के तहत शाम को छह से आठ बजे तक चाय स्टालों पर बड़ी संख्या में लोग एक साथ चाय की चुस्कियों के साथ लगभग दो घंटे तक देश की समस्याओं पर चर्चा करेंगे।
इनमें मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। सुषमा ने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत चुनाव से पहले दो करोड़ लोगों से संपर्क साधने का लक्ष्य रखा है। इन चर्चाओं में आने वाले लोग इस कार्यक्रम को लेकर अपने अनुभव बांट सकेंगे।
भाजपा नेताओं से सवाल भी पूछ सकेंगे तथा सुझाव भी दे सकेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले कम से कम 10 बार इस तरह के कार्यक्रम होंगे। सुषमा ने कहा कि समय रहा तो इन्हें बढ़ाकर 12 से 15 राउंड तक किया जा सकता है।
कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
भाजपा ने इस कार्यक्रम को अत्याधुनिक संचार माध्यमों से भी जोड़ा है। इस कार्यक्रम के लिए बाकायदा वेबसाइट भी तैयार की गई है। इसके जरिये लोग आगे के कार्यक्रमों की जानकारी ले सकेंगे।
इन चर्चाओं में सीधे हिस्सा लेने वाले लोगों से लेकर मोबाइल, फेसबुक, सोशल मीडिया आदि के जरिए जुड़ने वालों के सवालों के जवाब भी भाजपा नेता देंगे।
ऐसे कार्यक्रमों के सीधे प्रसारण की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से सीधे संवाद करने का यह भारतीय परंपरागत तरीका चुना है। ऐसा प्रयास पहले कभी नहीं हुआ।
मोदी के हेलीकॉप्टर पर अड़ंगा
भाजपा का कहना है कि उनकी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर को कोलकाता के रेस कोर्स ग्राउंड में उतरने की अनुमति देने से इनकार कर दिया गया है। भाजपा ने इसके पीछे कथित तौर पर केंद्र सरकार की साजिश की आशंका जताई है। नरेंद्र मोदी बुधवार को यहां रैली को संबोधित करेंगे।
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने मंगलवार को कहा, ‘मोदी जी बुधवार को रैली को संबोधित करने के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पहुंचेंगे। लेकिन सेना ने उनके हेलीकॉप्टर को रेस कोर्स ग्राउंड पर लैंडिंग की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।’ उन्होंने बताया कि सेना का कहना है कि रेस कोर्स ग्राउंड का उपयोग सिर्फ राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री ही कर सकते हैं।
सिन्हा ने आरोप लगाया कि अगर वह हमें दो या तीन दिन पहले यह बता देते, तो कोई दूसरा इंतजाम कर लिया जाता। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से यहां लाने की योजना बनाई गई थी। लेकिन अंतिम क्षणों में अनुमति देने से इनकार कर दिया गया। यह यूपीए सरकार की साजिश है।