कोपभवन से बाहर निकल चुके भाजपा के पितामह लालकृष्ण आडवाणी के लिए शुक्रवार का दिन बहुत महत्वपूर्ण रहा।
एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाने वाले भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उन्हें एक जैसे शब्द सुनने को मिले।
इन दोनों मुख्यमंत्रियों ने आडवाणी को उनके जन्मदिवस के मौके पर ‘हैप्पी बर्थ डे’ कहा। आडवाणी शुक्रवार को 86 साल के हो गए।
मोदी ने तो आडवाणी से मुलाकात कर उन्हें पुष्प गुच्छ भी भेंट किया, जबकि नीतीश ने फोन पर बधाई दी। सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने भी आडवाणी को शुभकामनाएं दी।
भाजपा ही नहीं बल्कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई गणमान्य लोगों से भी आडवाणी को जन्मदिन की शुभकामनाएं मिलीं।
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने आडवाणी को गुलदस्ते भी भेजे। आडवाणी को सबसे पहले बधाई देने उनके निवास पहुंचने वाले मोदी ही थे।
उत्तर प्रदेश के बहराइच की चुनावी रैली में शामिल होने से पहले मोदी दिल्ली में रुके और आडवाणी से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे। मोदी वहां लगभग 15 मिनट तक रहे। इसके बाद मोदी ने उन्हें ट्विटर पर भी बधाई दी।
मोदी ने अपने संदेश में कहा कि आडवाणी को उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं। वे हमेशा हमारे लिए प्रेरणा बने रहेंगे।। मोदी के बाद भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी आडवाणी से मिले।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने फोन से उन्हें बधाई दी। इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला तथा अन्य भाजपा नेताओं ने आडवाणी को बधाई दी।