राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को जानने के लिए अब तड़के उठकर शाखाओं में जानने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भाजपा की तरह अब संघ भी हाईटेक हो गया है। मोबाइल फोन पर आरएसएस से जुड़े कई एप्स उपलब्ध हैं।
इन पर संघ के इतिहास से लेकर बौद्धिक, प्रार्थना, सूर्य नमस्कार, भोजन मंत्र, घोष ध्वनि तक मौजूद है। इन एप्स के जरिये संघ को जाना और समझा जा सकता है। संघ प्रमुख मोहन भागवत लोगों से भले ही संघ को जानने के लिए शाखाओं में आने पर जोर देते हों, लेकिन इसे जानने के इच्छुक वर्तमान युवाओं को अब दूसरा रास्ता ज्यादा भा रहा है।
कैरियर में तमाम चुनौतियों के चलते भागदौड़ वाली जिंदगी में सुबह एक घंटा निकाल पाना उनके लिए मुश्किल है, ऐसे लोगों ने अब मोबाइल फोन पर ही शाखा शुरू कर दी है। आरएसएस से जुड़े एप्स डाउनलोड कर रहे हैं। इन्हीं एप्स के माध्यम से वह ध्वज प्रणाम से लेकर बौद्धिक तक का ज्ञान अर्जन कर रहे हैं, वह भी समय मिलने पर अपनी सुविधा अनुसार। समय के साथ तकनीक का उपयोग कर वह संघ से जुड़ रहे हैं।