चुनाव के पहले सरकार मनरेगा मजदूरों के लिए मुफ्त उपहार की घोषणा कर सकती है। सरकार मनरेगा के तहत मजदूरों को मुफ्त मोबाइल फोन देने की योजना बना रही है।
मोबाइल फोन उन मजदूरों को मिलेगा जिन्होंने इस योजना के तहत 100 दिन काम किया होगा। इस नई योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का सशक्तिकरण होगा। यह फोन परिवार के सिर्फ एक ही सदस्य को मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार ‘भारत मोबाइल स्कीम’ के तहत मोबाइल फोन उपलब्ध कराया जाएगा, महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। हर फोन की तीन वर्षों की गारंटी होगी।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरों को जारी मोबाइल फोन किसी और नाम से हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। इस मोबाइल फोन से सरकार की ‘डायरेक्ट कैश ट्रांसफर’ जैसी दूसरी लाभकारी योजनाओं की भी जानकारी मिल सकेगी।
अधिकारी के अनुसार इस योजना पर अभी सरकार चर्चा कर रही है और इसको अंतिम रूप दिया जाना अभी बाकी है। प्रारंभिक प्रस्ताव के अनुसार कुछ चुनिंदा टेलीकॉम ऑपरेटरों से मोबाइल फोन उपकरण उपलब्ध कराने को कहा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन के समन्वय से टेलीकॉम ऑपरेटर ही फोन वितरित करेंगे। मोबाइल नंबर लाभार्थी को पहले चरण में चिन्हित और सूचित किया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2012-13 के तहत करीब पांच करोड़ मजदूरों ने मनरेगा के तहत काम किया।