एक महीने से अधिक समय से कोस्ट गार्ड के लापता डोर्नियर विमान की तलाश में जुटीं सरकारी एजेंसियों को आखिरकार शुक्रवार को सफलता मिल गई।
तमिलनाडु के समुद्र में 950 मीटर की गहराई पर विमान का मलबा और फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (एफडीआर) मिल गया है। रक्षा मंत्रालय इसे एक अभूतपूर्व आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताया है।
मंत्रालय के प्रवक्ता सितांशु कर ने ट्वीट कर जानकारी दी कि विमान का मलबा नजदीकी भूमि से 17 नॉटिकल मील दूर, कुड्डालोर से करीब 20 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में मिला है।
वहीं कोस्ट गार्ड के महानिरीक्षक सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि मलबा और एफडीआर चिदंबरम-कुड्डालोर तटीय रेखा के पास मिला है। एफडीआर से दुर्घटना का कारण जानने में मदद मिल सकती है।