भारतीय वायुसेना का एक मिग-21 विमान शनिवार को नियमित उड़ान के दौरान कच्छ के नालिया एयरबेस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पायलट विमान से बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन उसे हल्की चोटें आई हैं।
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि लड़ाकू विमान खुले वन क्षेत्र में बने एयरबेस से करीब 30 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। पायलट को भुज के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वायुसेना ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
घटना के चश्मदीद गवाह और फोरेस्ट ऑफिसर अतुल दवे के अनुसार जब विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर गिरा तब उसमें आग नहीं लगी हुई थी।
इस साल 30 अगस्त को दो एमआई-17 हेलीकॉप्टरों की भिड़ंत में 5 अधिकारियों सहित वायुसेना के 9 जवानों की मौत हो गई थी। दोनों हेलीकॉप्टरों के जामनगर एयरबेस से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यह हादसा हुआ था।