प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष सी. रंगराजन ने शनिवार को कहा कि रिटेल में एफडीआई को अनुमति देने के सरकार के फैसले का देश के छोटे खुदरा विक्रेताओं पर सीमित असर पडे़गा।
रंगराजन ने एमसीसी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में उद्यमियों को आश्वस्त किया कि एफडीआई से लघु घरेलू इकाइयों अथवा सड़कों पर लगने वाली किराना दुकानों पर असर नहीं के बराबर पडे़गा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका की तरह ही भारत में ऐसा कोई कानून अथवा प्रतिबंध नहीं है, जिससे खुदरा व्यापारियों को कारोबार करने से रोका जा सके। हालांकि यह सच है कि विदेशी खुदरा व्यापारियों के आने से घरेलू व्यापारियों को काफी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पडे़गा, लेकिन उन्हें स्थानीय होने का फायदा जरूर मिलेगा।
चीन के सस्ते उत्पादों से भारतीय बाजार को पाटने संबंधी मामले में उन्होंने कहा कि उनके आने पर रोक लगाने का कोई रास्ता नहीं है, लेकिन इससे प्रतिस्पर्धा का स्तर बढे़गा और अंतत: भारतीय उपभोक्ताओं को ही फायदा होगा।
रंगराजन ने कहा कि चीनी उत्पादों से डरने के बजाए हमें सीधे तौर पर उनका सामना करना चाहिए। रुपये में लगातार उतार चढ़ाव के सवाल पर रंगराजन ने कहा कि इसके बावजूद भारतीय मुद्रा का स्तर 55 से 58 रुपये प्रति डॉलर से नीचे नहीं जाएगा।