दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने पार्किंग दरें दोगुना करने का फैसला किया है। नए रेट के तहत कार के लिए न्यूनतम 6 घंटे के लिए 20 रुपये और 12 घंटे के लिए 30 रुपये चुकाने होंगे। अभी यह शुल्क 10 व 15 रुपये है।
वहीं, दुपहिया के लिए छह घंटे के लिए 10 और 12 घंटे के लिए 15 रुपये चुकाने होंगे। अभी 5 व 8 रुपये चुकाने पड़ते हैं। मेट्रो के 95 स्टेशनों पर पार्किंग की व्यवस्था है। नई दरें एक मार्च से लागू होंगी।
डीएमआरसी प्रवक्ता के अनुसार, नई दरें विश्वविद्यालय और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पार्किंग पर भी लागू होंगी। पहले से ही दोनों स्टेशनों पर सामान्य से अधिक पार्किंग शुल्क है। सभी स्थानीय निकायों ने पार्किंग दरें बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था। इसलिए यह वृद्धि की गई है।
सुबह 5 बजे से रात 12 बजे के बीच 12 घंटे से अधिक की पार्किंग पर कार मालिकों को 40 और दुपहिया मालिकों को 20 रुपये चुकाने होंगे। अभी 25 व 12 रुपये चुकाने होते हैं।
इतना ही नहीं अब अतिरिक्त रात्रि शुल्क रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए चुकाना होगा। वहीं, पार्किंग के मासिक शुल्क में भी वृद्धि की गई है। कार के लिए मासिक शुल्क 625 रुपये की जगह 1000 रुपये और दुपहिया के लिए 300 की जगह 475 रुपये होगा।