बेसिक शिक्षा परिषद 72 हजार 825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए मेरिट मंगलवार को जारी करेगा। मेरिट ऑनलाइन http://upbasiceduboard.gov.in पर देखी जा सकेगी। मेरिट में आने वालों की जिलेवार काउंसलिंग 29 जनवरी से की जाएगी। बेसिक शिक्षा परिषद से सचिव संजय सिन्हा ने बताया कि विभाग ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद प्रशिक्षु शिक्षकों को 10 दिन के अंदर स्कूल में कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण न करने पर नियुक्ति स्वत: निरस्त मान ली जाएगी।
उत्तर प्रदेश में प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती के लिए पहली बार टीईटी पास बीएड डिग्रीधारकों से ऑनलाइन आवेदन लिए गए हैं। आवेदकों को प्रदेश में कहीं पर भी फार्म भरने की छूट थी। इसके चलते टीईटी पास बीएड डिग्रीधारकों ने जीभरकर फार्म भरे। प्रदेशभर में 69 लाख लोगों ने फार्म भरे हैं। बेसिक शिक्षा परिषद मंगलवार को जिलेवार मेरिट जारी करेगा। इसे ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसके लिए विभाग की वेबसाइट को अपडेट किया जा रहा है।
इस वेबसाइट को सोमवार की शाम को ट्रायल के लिए कुछ देर तक खोला गया। इसमें सबसे ऊपर शिक्षक भर्ती के बारे में जानकारी दी गई है। इसके बाद जिलेवार पदों का ब्यौरा दिया गया है। इसके नीचे वरिष्ठता सूची दी गई है। इसे खोलने पर आवेदक को टीईटी अनुक्रमांक और अपनी जन्मतिथि भरने के साथ साइट पर दिया गया कोड भरना होगा। इसके बाद मेरिट सूची खुल जाएगी।
इनके आवेदन हुए निरस्त
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव संजय सिन्हा ने आवेदन पत्रों को निरस्त करने की स्थिति भी वेबसाइट पर स्पष्ट की है। बेसिक शिक्षा परिषद ने अधिकतम और न्यूनतम आयु सीमा पूरी न करने वाले व पूर्णांक से अधिक प्राप्तांक भरने वालों के फार्म निरस्त किए हैं। इसके अलावा टीईटी में निर्धारित प्रतिशत से कम अंक पाने वालों के फार्म भी निरस्त कर दिए गए हैं। आवेदक फार्म निरस्त होने की सूचना जिलेवार बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त कर सकेंगे।
हाईकोर्ट आदेश के खिलाफ एसएलपी
राज्य सरकार टीईटी न करने वाले बीएड डिग्रीधारकों को शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल करने संबंधी हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुज्ञा याचिका (एसएलपी) दाखिल करेगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस संबंध में न्याय विभाग से राय ले ली है। इस संबंध में शीघ्र ही एसएलपी दाखिल करने की तैयारी है।