बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और उनकी फिल्म ‘हैपी न्यू ईयर’ की टीम के प्रेस कांफ्रेंस में निर्धारित समय से चार घंटे की देरी से पहुंचने के कारण मीडिया ने उनका बहिष्कार कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि 48 वर्षीय शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, बोमन ईरानी और सोनू सूद शुक्रवार को शाम 4.30 बजे मीडियाकर्मियों से मिलने वाले थे लेकिन रात आठ बजे तक न तो आयोजक और न ही कोई कलाकार यह बताने के लिए मौजूद नहीं थे कि प्रेस कांफ्रेंस में क्यों देरी हो रही है।
देरी के बारे में पूछे जाने पर पीआर टीम के एक अधिकारी ने पत्रकारों से उलटे यह कहा कि आप इवेंट कवर करने क्यों समय पर आ गए। इसके बाद पत्रकार नाराज हो गए।
बाद में मौके पर पहुंचे शाहरुख ने पत्रकारों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। उन्होंने सभी मीडियाकर्मियों को एक्सक्लूसिव इंटरव्यू देने का वादा किया। फिर भी पत्रकार नहीं माने। पत्रकारों ने शाहरुख से कहा कि वे उनके खिलाफ नहीं है लेकिन इवेंट का आयोजन करने वालों के व्यवहार नाराज हैं।