लगभग पांच साल की चुप्पी के बाद माओवादी फिर एक बार कोलकाता में सक्रिय होने लगे हैं। स्वाधीनता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार सुबह महानगर के कई इलाकों में माओवादी पोस्टर मिलने के बाद सुरक्षा एजेसियों में अफरा-तफरी मच गई है और महानगर में निगरानी चुस्त कर दी गई है।
शुक्रवार सुबह उत्तर कोलकाता के उल्टाडांगा व नारकेलडांगा क्रॉसिंग पर कई माओवादी पोस्टर नजर आए। इसके बाद पुलिस व सुरक्षा एजेसियां तुरंत हरकत में आ गईं। कोलकाता पुलिस की विशेष शाखा ने मौके पर पहुंच कर उन पोस्टरों को हटा दिया।
उसने इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों ने बताया कि यह पोस्टर लाल स्याही से अखबार के उन पन्नों पर लिखे गए थे, जिन पर विभिन्न राज्यों में माओवादी हिंसा से संबंधित खबरें छपी थीं।