प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जनसभा कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लोकसभा चुनाव 2014 में जिले के तहसील मुख्यालय पूरनपुर में उनकी पहली और प्रधानमंत्री के रूप में अंतिम जनसभा हुई है। कांग्रेस की सरकार बने अथवा नहीं, किसी भी हालत में उनका प्रधानमंत्री न बनना तय हो चुका है।
खास बात यह भी है कि प्रधानमंत्री पद से रिटायर होने से पहले ही उन्होंने खुद को मानसिक रूप से सत्ता और सियासत से रिटायर कर लिया है। उनकी इस घोषणा का असर जनसभा में साफ देखने को मिला, जो गूंज छह साल पहले पीएम की यहां हुई सभा में गूंजी थी वह काफूर रही। इस तरह उनकी यह सभा एक नजीर मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री का सभास्थल पर 12.19 बजे आगमन हुआ। ठीक 12.44 बजे उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत में ही कभी बिना नाम लिए तो कभी नाम लेकर भाजपा को घेरते हुए वोटरों से सवाल किए।