भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता नवाज शरीफ को चुनाव में मिली जीत के बाद बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा,"पाकिस्तान चुनाव में नवाज शरीफ और उनकी पार्टी को शानदार जीत पर बधाई।" साथ ही उन्होंने नवाज शरीफ को भारत आना का न्योता भी दिया।
इसके अलावा मनमोहन ने चुनाव में बड़ी संख्या में भाग लेने पर पाक के लोगों और नेताओं को भी बधाई दी है। उन्होंने भारत और पाक के रिश्तों को आगे ले जाने के लिए पाकिस्तान की नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की भारत की इच्छा भी जाहिर जताई।
इससे पहले भारत के विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने भी उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान में नवाज शरीफ की सत्ता में वापसी के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बेहतर तालुककात कायम होंगे। वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अबदुल्लाह ने भी शांति प्रक्रिया फिर से शुरू किए जाने की उम्मीद जताई है।
विदेश मंत्री खुर्शीद ने रविवार को कहा,"पाकिस्तान में नई सरकार बनने जा रही है। और हम विश्वास करते हैं कि दोनों देशों के द्वीपक्षीय संबंध और मजबूत होंगे।"
उन्होंने कहा,"हमें उम्मीद है कि हमारे संबंध आगे भी बेहतर रहेंगे।" साथ ही यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मनमोहन पाकिस्तान में चुनाव जीतने पर नवाज शरीफ को बधाई संदेश भेजेंगे।
वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अबदुल्लाह ने कहा कि पाकिस्तान में चुनाव हुए और नवाज शरीफ विजयी बनकर उभरे जिस कारण जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। शरीफ ने अपने पिछले शासनकाल में दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार के लिए प्रयास किया था।