कोलगेट पर सीबीआई के हलफनामे पर सुप्रीम कोर्ट की कठोर टिप्पणी के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
हालांकि विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने शीर्ष अदालत के आदेश की प्रतीक्षा करने की बात कहते हुए आश्वस्त किया कि सरकार अदालती आदेश का सम्मान करेगी। सीबीआई की स्टेटस रिपोर्ट में दखल देने के मामले में शीर्ष अदालत ने सरकार पर भरोसा तोड़ने का आरोप लगाते हुए तीखी टिप्पणी की है।
प्रधानमंत्री ने शीर्ष अदालत की सरकार के खिलाफ की गई तीखी टिप्पणी के संदर्भ में जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि अभी मैंने शीर्ष अदालत की टिप्पणियों का अध्ययन नहीं किया है, विस्तार से अध्ययन के बाद जो भी सभी जरूरी कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री ने इसके अतिरिक्त इस मामले में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
उधर विदेश मंत्री ने अदालत के फैसले का पालन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस संबंध में कोई आदेश नहीं आया है। इस मामले में अदालत जैसा आदेश देगी, सरकार उसका पालन करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार अदालत के आदेश या फैसले का इंतजार कर रही है।