फिल्म अभिनेत्री को छेड़ने वाले नगा उग्रवादी को गिरफ्तार करने तथा स्थानीय चैनल के पत्रकार की मौत का विरोध जताने के लिए कर्फ्यू तोड़कर सड़कों पर उतरे मणिपुर घाटी के सैंकड़ों प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले और धुआं बम फेंके।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिशेनपुर और थोउबाल जिलों में प्रदर्शनकारियों ने रैलियां और सड़कें जाम कीं व टायर जलाए। प्रदर्शनकारी टीवी पत्रकार नानौ सिंह की हत्या के विरोध में नारे लगाते हुए मामले की न्यायिक जांच और दोषी पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
इरिलबंग शहर के बाहरी हिस्सों, खुयाथोंग, सैगोलबांड, वांगखेई, नांगमेईबंग व अन्य कई जगहों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले फेंके। नांगलपाल इलाके व अन्य कई जगहों पर सैकड़ों लोगों ने कर्फ्यू तोड़ सड़कों पर उतर कर रैली की और मांग की कि चंदेल जिले के जंगलों में छिपे उग्रवादी को तुरंत गिरफ्तार किया जाय।
पुलिस सूत्रों ले बताया कि उखरूल हिल जिले से क्रिसमस मनाने के लिए लोगों को ला रही एक बस को इंफाल के नजदीक सिनाम लेकाइ इलाके में आग लगा दी गई। थारोजाम इलाके में सड़क जाम का उल्लंघन करने पर प्रदर्शनकारियों ने एक दोपहिए को आग लगा दी। कांगलीपाक स्टूडेंट्स आर्गनाइजेशन के प्रवक्ता ने भी रविवार को हुई पुलिस फायरिंग की जांच की मांग की।