हिसार में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बनभोरी गांव के राकेश कुमार उर्फ राका पर आरोप है कि बुधवार को उसने 12 साल की दलित लड़की को तालाब में धक्का दे दिया जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, राकेश इस बात से बहुत गुस्सा था कि लड़की की भैंसों ने उसके घर की दीवार से पीठ रगड़कर गंदा कर दिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
डीएसपी बरवाला जय प्रकाश के अनुसार, दादा राम कुमार ने शिकायत में कहा है कि उसकी पोती मुन्नी भैंसों को हर शाम तालाब पर ले जाती थी।
तालाब जाने के रास्ते में राकेश का घर है। तालाब की तरफ जाते समय भैंसें आदतन राकेश के घर की दीवारों से अपनी पीठ रगड़ी। दूसरे दिन भी भैंसों ने ऐसा ही किया। राकेश ने गंदा हो चुके दीवार को देखा तो गुस्से में आया और तालाब पर जाकर मुन्नी को उसमें धक्का दे दिया।
जब मुन्नी देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसे खोजना शुरू किया। जब वे तालाब पर पहुंचे तो वहां उसकी लाश को पानी पर तैरता पाया।
हिसार के एसपी राहुल शर्मा ने इस बारे में बताया कि इंडियन पीनल कोड के सेक्शन 320 और एससी/एसटी एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की मांग की जाएगी।