समलैंगिकता को अपराध मानने वाली संविधान की धारा 377 को सही ठहराने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले से निराश एक समलैंगिक युवक ने अपने पुरूष मित्र से विवाह रचाने के लिए अपना लिंग ही चेंज करवा लिया।
अब वह युवक पूरी तरह से लड़की बन चुका है और कानूनन अपने पुरूष दोस्त के साथ शादी करने जा रहा है।
कोलकाता निवासी इस 23 वर्षीय युवक का कहना है कि वह बचपन से ही वह लड़कियों की तरह कपड़े पहना करता था। उसके लड़कियों वाले आचरण को देखकर परिवार वालों ने उस पर कड़ी पाबंदिया लगाना शुरू कर दिया था, लेकिन फिर भी वह अपने आप को पुरूष नहीं मान पाया।
इसी बीच उसे अपने एक दोस्त से प्यार हो गया और उसने उससे शादी करने का मन बना लिया। अब जबकि सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिकता को अपराध की श्रेणी में डाल दिया तो उसे बेहद निराशा हुई लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और अपना सेक्स चेंज कराने का निर्णय ले लिया।
युवक बताता है कि जब उसने ये बात अपने परिवार वालों को बताया तो पहले सबने विरोध किया लेकिन बाद में मान गए। इस दौरान उसके ब्यॉयफ्रेंड ने भी सेक्स चेंज करवाने में उसका पूरा साथ दिया।
सेक्स चेंज सर्जरी करने वाले चिकित्सक डॉ. जयंत कुमार दास ने बताया कि इस युवक का लिंग पहले सर्जरी से हटाया गया और फिर महिला जननांग सर्जरी के माध्यम से बनाया गया। हालांकि पूर्णरूप से महिला बनाने में इस युवक को अभी 6 से 8 महीने तक कई अन्य प्रक्रियाओं से गुजरना होगा।
डॉ. दास का कहना है कि सम्पूर्ण रूप से स्त्री बनने के बावजूद युवक से युवती बना यह युवक गर्भधारण नहीं कर पाएगा, क्योकि गर्भाशय कृत्रिम रूप से तैयार नहीं किया जा सकता। डॉ. दास ने बताया कि इस पूरी सर्जरी प्रक्रिया का खर्चा 1.5 लाख से 2 लाख रूपए का है।