पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ यूपीए सरकार अल्पमत में है। साथ ही उन्होंने संसद को तत्काल भंग करने की गांधीवादी नेता अन्ना हजारे की मांग का भी समर्थन किया।
केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए बनर्जी ने कहा कि यह अल्पमत सरकार है और मैं अन्ना हजारे की मांग से पूरी तरह से सहमत हूं। यूपीए सरकार हमारे समर्थन से सत्ता में आई थी। हमारे समर्थन वापस लिए जाने के बाद यह अपना बहुमत खो चुकी है। अब यह केवल एक पार्टी कांग्रेस की सरकार रह गई है न कि यूपीए सरकार। ऐसे में उनके पास अब कोई भी अधिकार नहीं रह गया है।
समाजसेवी अन्ना हजारे ने सोमवार को पूर्व सेना प्रमुख (रिटायर) वीके सिंह के साथ मिलकर संसद को तत्काल भंग करने की मांग की थी। इस बीच बनर्जी ने धमकी दी है कि यदि डिजिटलीकरण के लिए दी गई 31 अक्तूबर की समय सीमा के बाद टेलीविजन चैनलों का प्रसारण बंद किया गया तो वह आंदोलन शुरू करेंगी।