पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रविवार को एक बार फिर गुस्सा आ गया। अपने सुरक्षा गार्डों को कोड़े मारने की बात कह चुकी ममता का गुस्सा इस बार एक अखबार के फोटोग्राफर पर निकला। बर्दवान जिले में ‘माटी उत्सव’ का उद्घाटन करने पहुंची ममता ने फोटोग्राफर को झाड़ते हुए कहा, ‘असभ्य आदमी, मैं तुम्हें एक थप्पड़ लगाऊंगी। क्या तुम्हें दिखाई नहीं देता है कि यहां खाना बन रहा है।’
फोटोग्राफर माटी उत्सव के दौरान ममता बनर्जी की फोटो खींचते वक्त खुद के लिए जगह बना रहा था। रविवार को जल्द ही यह फुटेज टीवी चैनलों पर दिखाई देने लगे। गत छह फरवरी को कोलकाता पुस्तक मेले के दौरान उन्होंने कार लाने में देरी होने पर अपने सुरक्षाकर्मियों को कहा था कि तुम्हें कोड़े लगाए जाने चाहिए।