विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को वाकपटुता और हाजिर जवाबी का धनी माना जाता है। बुधवार को लोकसभा में उन्होंने इसी काबिलियत का परिचय देते हुए कांग्रेस संसदीय दल के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को चारो खाने चित कर दिया।
खड़गे ब्रिक्स सम्मेलन पर जवाब नहीं देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरने की तैयारी में थे। पीएम प्रश्न काल में आए, लेकिन इसके बाद चले गए। खड़गे इसी को मुद्दा बना रहे थे। लेकिन सुषमा स्वराज ने अपने जवाब से खड़गे को यह कहने पर मजबूर कर दिया कि सभी जानते हैं कि उनमें जवाब देने की क्षमता है और वह सभी को इसी के बल पर संतुष्ट कर देती हैं।
खड़गे ने सरकार को घेरने के लिए सदन में कहा कि ऐसा क्या हो गया कि पीएम खुद ब्राजील गए, लेकिन विदेश मंत्री को साथ नहीं ले गए। वह प्रश्न काल में आए, लेकिन दर्शन देकर चले गए। वह तो उनका हिंदी के सुंदर शब्दों का भाषण सुनना चाहते थे।